छत्तीसगढ़

ग्रीन आर्मी के नेतृत्व में महाराजबंध तालाब स्वच्छता अभियान, महापौर मीनल चौबे ने की सराहना

जतिन नचरानी

महापौर मीनल चौबे ने महाराजबंध एसटीपी कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

ग्रीन आर्मी की पहल से महाराजबंध तालाब में स्वच्छता की नई अलख, नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने महाराजबंध तालाब क्षेत्र में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्य में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अनुबंध के अनुसार एसटीपी का निर्माण मार्च 2024 तक पूर्ण हो जाना था, किंतु लापरवाही के कारण क्षेत्र में जलभराव एवं गंदगी की समस्या बनी हुई है।

महापौर श्रीमती चौबे आज पर्यावरण प्रेमी एनजीओ ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर के अनुरोध पर महाराजबंध तालाब में चल रहे श्रमदान आधारित सफाई महाभियान का निरीक्षण करने पहुंचीं। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, पार्षदों, नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारियों की उपस्थिति में तालाब की सफाई कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया गया।

महापौर ने ग्रीन आर्मी की टीम एवं नागरिकों द्वारा किए जा रहे श्रमदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर के तालाबों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जनसहभागिता की अहम भूमिका है। उन्होंने नगर निगम स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि श्रमदान के दौरान तालाब से बाहर निकाले गए कचरे को तत्काल उठाकर निस्तारित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्देश दिए कि जब तक 3 एमएलडी क्षमता का एसटीपी पूरी तरह प्रारंभ नहीं हो जाता, तब तक तालाब किनारे एसटीपी के समीप तत्काल जाली लगवाई जाए, ताकि गंदगी तालाब में प्रवेश न कर सके। साथ ही एसटीपी के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को स्वच्छ रखने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर जोन 5 अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल, जोन 6 अध्यक्ष श्री बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद श्री प्रमोद कुमार साहू, रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सीओओ सुश्री ऋचा चंद्राकर, संबंधित जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी, पूर्व पार्षद श्रीमती सरिता वर्मा, ग्रीन आर्मी के श्री अमिताभ दुबे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।महापौर ने स्पष्ट किया कि महाराजबंध तालाब शहर की महत्वपूर्ण जलसंपदा है और इसके संरक्षण एवं स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Back to top button
📰 E-Paper