‘स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग बसता है, बच्चों का खेल के मैदान में उतरना बेहद ज़रूरी’: सांसद बृजमोहन अग्रवाल
बलौदाबाजार में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया विधिवत शुभारंभ

बलौदाबाजार: रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को बलौदाबाजार स्थित पं. चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित ’26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता’ का मुख्य अतिथि के रूप में विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में खेल एवं राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा और राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ साथ खिलाड़ियों मार्च पास्ट किया और रंगारंग कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित सैकड़ों बच्चों को संबोधित करते हुए सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने खेल के महत्व को रेखांकित किया। बच्चों से सीधा संवाद साधते हुए उन्होंने कहा, “जिस दिन हर बच्चा यह ठान लेगा कि मेरे लिए खेलना जरूरी है, उस दिन वह जीवन में कभी न कभी जरूर जीतेगा। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, और यह तभी संभव है जब बच्चे किताबों के साथ-साथ खेल के मैदान में भी पसीना बहाएं।”
‘मैदान बचाना और बनाना हमारी प्राथमिकता’
श्री अग्रवाल ने बच्चों के खेलने के सिकुड़ते स्थानों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज कोचिंग, ट्यूशन और सिर्फ पढ़ाई के दबाव में बच्चों की खेलने की प्रवृत्ति कम होती जा रही है। उन्होंने मंच से ही जिला प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के सभी स्कूलों और ग्रामीण खेल मैदानों का डीएमएफ व अन्य मदों से समतलीकरण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्कूलों में खेल मैदानों पर जरूरत से ज्यादा पेवर ब्लॉक या कंक्रीट न बिछाया जाए, बल्कि कम से कम 10 हजार वर्गफीट से अधिक के कच्चे मैदान मिट्टी के ही रखे जाएं, ताकि बच्चे सुरक्षित खेल सकें।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और उपलब्धियों की सराहना
पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा, “एक दौर था जब 15 साल पहले प्रदेश स्तरीय खेलों में बच्चे बिना जूते-मोजे या चप्पल पहनकर आते थे। आज खुशी होती है कि हमारे बच्चे पांचों संभागों की रंग-बिरंगी जर्सियों और पेशेवर किट में पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतर रहे हैं। हमने अपने कार्यकाल में 248 प्रतिभावान खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर सीधी सरकारी नौकरी दी थी, साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में खिलाड़ियों को बोनस अंक देने की शुरुआत की।” उन्होंने छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव (वेटलिफ्टिंग) और राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला क्रिकेट व हॉकी टीमों के शानदार प्रदर्शन का उदाहरण देकर बच्चों को देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मौके पर ही निर्देश दिए कि दूर-दराज से आए किसी भी बाल खिलाड़ी को भोजन, आवास या परिवहन में कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए।
तीन दिवसीय आयोजन में 480 खिलाड़ी शामिल
इस चार दिवसीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों (रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा) से कुल 480 बालक-बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। हर जोन से 48 बालक और 48 बालिकाएं शामिल हैं, जो कुराश, रग्बी और नेटबॉल प्रतियोगिताओं में अपना कौशल दिखाएंगे। इनके साथ 50 से अधिक कोच, पीटीआई व रेफरी भी पहुंचे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा गोलू जायसवाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री अशोक जैन, पूर्व विधायक श्री प्रमोद शर्मा, श्री आनंद यादव, श्रीमती सुलोचना यादव, श्री विजय केशरवानी, श्री राकेश ध्रुव, श्री रविशंकर वर्मा, श्रीमती अदिति वाघमारे, श्री पवन वर्मा, श्री सुनील, श्रीमती सोनी सहित कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, खेल अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व नागरिक उपस्थित रहे।

