देश-विदेश
Trending

अमेरिका में विमान गोदाम से टकराया, दो की मौत,18 झुलसे

वाशिंगटन । दक्षिणी कैलिफोर्निया के फुलर्टन शहर में गुरुवार को हुए विमान हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 18 झुलस गए। बताया गया कि एक छोटा विमान व्यावसायिक गोदाम की छत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान आग लग गई। गोदाम से 100 लोगों को सुरक्षित निकालकर बचा लिया गया।

लॉस एंजिल्स टाइम्स समाचार पत्र के अनुसार, फुलर्टन पुलिस के प्रवक्ता क्रिस्टी वेल्स ने बताया कि पुलिस को गुरुवार दोपहर 2ः09 बजे ऑरेंज काउंटी के फुलर्टन शहर में हुए विमान हादसे की सूचना मिली। दमकलकर्मियों और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बुझाई और आसपास के भवनों को खाली कराया। आग ने एक गोदाम को नुकसान पहुंचाया। गोदाम में सिलाई मशीनें और कपड़े का स्टॉक रखा हुआ था। यह हादसा फुलर्टन म्यूनिसिपल हवाई अड्डे से लगभग आधा मील दूर हुआ। झुलसे लोगों के इलाज के लिए पास में ही व्यवस्था की गई। दुर्घटनाग्रस्त विमान की पहचान एकल इंजन वैन के आरवी-10 के रूप में की गई है।

फ्लाइट ट्रैकर फ्लाइट अवेयर के डेटा से पता चला कि यह विमान दोपहर 2:07 बजे छोटे हवाई अड्डे से निकल रहा था। हवाई यातायात नियंत्रण टॉवर से प्राप्त ऑडियो के अनुसार विमान ने फुलर्टन हवाई अड्डे से उड़ान भरी ही थी कि पायलट ने घोषणा की कि तत्काल लैंडिंग की आवश्यकता है।

ऑडियो में, पायलट शुरू में कहता है कि वह रन-वे 6 पर उतरने जा रहा है। इस कारण हवाई यातायात नियंत्रक को दूसरे विमान को उस क्षेत्र से दूर जाने के लिए कहना पड़ा। इसके बाद हवाई यातायात नियंत्रक पायलट को बताता है कि लैंडिंग के लिए रन-वे 6 या 24 में से कोई एक खाली है।

फिर पायलट कहता है कि वह रन-वे 24 पर उतरने जा रहा है। एक मिनट से भी कम समय के बाद पायलट कहता है “ओह माय गॉड”। इसके बाद उसकी आवाज शांत हो जाती है। यह विमान हंटिंगटन बीच निवासी के नाम पर पंजीकृत है। यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दुर्घटना के समय वह विमान में थे या नहीं। फुलर्टन के मेयर फ्रेड जंग का कहना है कि दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper