
भैरव सोसायटी के विमलनाथ मंदिर में आज होगा आयंबिल, बड़ी संख्या में लोग होंगे शामिल
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शुद्ध आहार – शाकाहार का संदेश देते गुढ़ियारी में निकली प्रभात फेरी
चौबे कॉलोनी और गुढ़ियारी में 17 यूनिट हुआ रक्तदान
जयपुर पैर वितरण और भोजन वितरण कर दिया सेवा का संदेश
रायपुर। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 का आयोजन रायपुर नगर में सकल जैन समाज द्वारा अत्यंत भव्य और श्रद्धा के साथ किया जा रहा है। महोत्सव समिति के संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेश मूणत के मार्गदर्शन में यह पावन पर्व मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत प्रतिदिन सुबह रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं, जिनके माध्यम से भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन ने जानकारी दी कि महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। महोत्सव समिति, समता युवा संघ तथा अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आस्था और सेवा भाव से जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को गुढ़ियारी में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और धर्मप्रेमी शामिल हुए। प्रभात फेरी के दौरान भगवान महावीर का संदेश देते हुए लोगों से शाकाहार अपनाने की अपील की गई।
मारूति मंगलम में 14 तो चौबे कॉलोनी में 3 ने किया रक्तदान
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 में सेवाकार्य अंतर्गत 16 से 30 मार्च तक 15 दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में गुढ़ियारी के मारूति मंगलम भवन शनिवार को 14 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं, शुक्रवार को 3 लोगों ने रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं ने मरीज और जरूरतमंदों को ब्लड उपलब्ध कराने, रक्तदान करने की अपील की।
गुढ़ियारी में निकली प्रभात फेरी, शाकाहार अपनाने बच्चों ने दिया संदेश
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 के अंतर्गत राजधानी के विभिन्न जैन मंदिरों से 15 दिनों तक प्रभात फेरी निकाली जा रही है। महावीर जयंती तक हर दिन यह आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को श्री चल मंदिर से श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन चौत्यालय से होते हुए मारूति मंगलम भवन तक प्रभात फेरी निकाली गई। गुढ़ियारी मंडल के गौतम खाटोड, इंदर सराफ, उज्जवल कोचर और नीलेश लूनिया ने बताया कि प्रभात फेरी के दौरान पुरूष सफेद और महिलाएं केसरिया रंग के वस्त्रों में शामिल हुई। बच्चों ने हाथ में तख्ती लेकर भगवान महावीर स्वामी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। प्रभात फेरी के दौरान 48 बच्चों समेत 600 से ज्यादा धर्मप्रेमी शामिल हुए। साथ ही बच्चों ने प्रश्नोत्तरी में भाग लिया और जैन धर्म से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए।
जिनकुशल सज्जन महिला मंडल ने 6 जयपुर पैर बांटे
भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव के अंतर्गत जिनकुशल सज्जन महिला मंडल ने मारूति मंगलम में जरूरतमंदों को 6 जयपुर पैर बांटे। इस दौरान विमला दुग्गड़, मंजू गुलगुलिया, कौशल गांधी, सविता गांधी समेत मंडल की समस्त महिलाएं मौजूद रहीं।
एमएमआई हॉस्पिटल में वामा मंडल ने किया भोजन वितरण
वामा मंडल के सदस्यों ने शनिवार को एमएमआई अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच प्रेमपूर्वक भोजन वितरित कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
आस्था का केंद्रः भैरव सोसायटी के विमलनाथ मंदिर में आयंबिल आज
भैरव सोसायटी, विमलनाथ मंदिर परिसर के हरिसूरी आराधना भवन में 22 मार्च को आयंबिल का आयोजन किया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर साधना करेंगे और भगवान महावीर के सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लेंगे। आयंबिल के लिए धर्मप्रेमियों में बड़ा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों ने अपना नाम दर्ज किया है। आयंबिल में बिना तेल, घी, मिर्च-मसाले का भोजन होता है, यह केवल दिन के समय में एक बार किया जाता है। आयंबिल में रस का त्याग होता है, क्योंकि भोजन में कोई स्वाद नहीं होता।
बच्चों में संस्कृति का संचार: 22 मार्च को महावीरास लिल निर्वाणास 2.0
“महावीरास लिल निर्वाणास 2.0” कार्यक्रम का आयोजन 22 मार्च को होगा, जिसमें 5 से 15 वर्ष तक के बच्चे भाग लेंगे। खेल, लकी ड्रॉ, स्टॉल और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को संस्कृति और धर्म से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
महिला सशक्तिकरण की पहलः जैन ट्रेड फेयर
दादाबाड़ी में 23 से 25 मार्च तक “सपनों की उड़ान” जैन ट्रेड फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में 100 से अधिक जैन महिला उद्यमियों के उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। यह आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके व्यवसाय को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

