
घटिया काम पर कार्रवाई: पेवर कार्य कर रही एजेंसी की निविदा रद्द, काली सूची में डाला गया नाम
रायपुर – राजधानी शहर रायपुर में नगर पालिक निगम के विभिन्न जोनो में कराये जा रहे पेवर कार्य को कर रही अनुबंधित एजेंसी ठेकेदार अम्बे रियल इंफा का कार्य गुणवत्ताहीन होने के संबंध में लगातार मिल रही जनशिकायतो को गंभीरता से लेते हुए आज नगर निगम लोककर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने एम आई सी सदस्य मनोज वर्मा सहित कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा जुनियर, उपअभियंता सुश्री अर्जिता दीवान की उपस्थिति में नेताजी सुभाष स्टेडियम के सामने प्रगतिरत पेवर कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। कार्य गुणवत्ताहीन मिला। जानकारी के अनुसार अनुबंधित एजेंसी ठेकेदार द्वारा शहर के विभिन्न जोनो में लगभग 1 करोड की स्वीकृत लागत से पेवर कार्य प्रगति पर है। पेवर कार्य की बेस वर्क की मोटाई 4 इंच के स्थान पर कही डेढ इंच कही दो इंच मिली है। जनशिकायते सही मिलने, स्थल पर कार्य गुणवत्ताहीन मिलने पर निगम लोककर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को संबंधित अनुबंधित एजेंसी ठेकेदार अम्बे रियल इंफा की निविदा नियमानुसार निरस्त कर नाम काली सूची में डालने की कड़ी कार्यवाही प्रक्रिया के तहत करने के निर्देश दिये है।
