
तेहरान (ईरान) । इजराइल की सैन्य कार्रवाई से प्रतिशोध की आग में झुलस रहे ईरान के जवाबी हमले से स्थिति और विस्फोटक हो गई है। अब से कुछ देर पहले ईरान की राजधानी तेहरान और इजराइल की राजधानी तेल अवीव पर भीषण विस्फोट हुए हैं। दोनों देशों ने मिसाइल और ड्रोन दागकर लोगों को थर्रा दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन की खबर के अनुसार, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष बढ़ने के कारण तेल अवीव और तेहरान में और भीषण विस्फोट हुए हैं। ऐसा लग रहा है कि ईरानी मिसाइलों ने यरुशलम में भारी तबाही मचाई है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने माना है कि ईरान की मिसाइलें इजराइल में गरजी हैं। इससे उत्तरी इजराइल में काफी देर तक सायरन बजते रहे।
इस बीच संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधि फू कांग ने कहा कि बीजिंग इजराइल की ईरान पर की गई सैन्य कार्रवाई के बाद बने हालात से चिंतिंत है। बीजिंग का मानना है कि क्षेत्र में तनाव बढ़ाना किसी के हित में नहीं होगा। चीन ने कहा कि इजराइल, ईरान की संप्रभुता का उल्लंघन न करे।
संयुक्त राज्य अमेरिका में इजराइल के राजदूत येचिएल लीटर ने कहा कि इजराइल में ईरानी हमलों में एक महिला की मौत हो गई और लगभग 40 लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि आज हमने ईरान से तीन बैलिस्टिक मिसाइलों का सामना किया। कल से अब तक ईरान ने लगभग 150 मिसाइल दागीं। उन्होंने कहा कि ईरान के पास मात्र2,000 बैलिस्टिक मिसाइलें हैं। वह ज्यादा दिन टिक नहीं पाएगा।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, ईरान ने अपने परमाणु स्थलों पर हमलों के जवाब में इजराइल पर मिसाइलें दागकर उसकी नाक में दम कर दिया है। इजराइली लड़ाकू विमानों और ड्रोन ने शुक्रवार रात और शनिवार सुबह ईरान के कई हिस्सों में तबाही मचाई और तेहरान के परमाणु स्थलों और सैन्य नेतृत्व पर हमला किया है। हमलों के बाद ईरान की ओर से जवाबी मिसाइलों की बौछार की गई। इनमें से कई मिसाइलें तेल अवीव में इमारतों से टकराईं। इस दौरान कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए।
अल जजीरा की खबर के अनुसार, ईरान के इजराइल पर किए गए ताजा हमले में कम से कम 40 लोग घायल हुए हैं। ईरान का कहना है कि इजराइल ने ईरान में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों सहित 78 लोगों को मार डाला है और 320 से अधिक लोगों को घायल कर दिया है। इजराइली सेना के शहरों, सैन्य स्थलों और परमाणु सुविधाओं पर हमले जारी हैं।

