
अमित शाह आज लद्दाख को देंगे डेयरी एवं सहकारी क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह आज लद्दाख के लेह में केंद्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान (सीआईबीएस) में डेयरी एवं सहकारी क्षेत्र से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरीमंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना उपस्थित रहेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, केंद्र सरकार ने लद्दाख में डेयरी अवसंरचना को मजबूत करने के लिए पहल की है। शाह कारगिल में 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाले डेयरी प्लांट की आधारशिला रखने के साथ लेह में दही और पनीर उत्पादन इकाइयों का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर दूध के भंडारण और परिवहन को बेहतर बनाने के लिए बल्क मिल्क कूलर सिस्टम भी शुरू किया जाएगा। साथ ही एंड्रॉयड आधारित ऑटोमेटेड मिल्क कलेक्शन सिस्टम (एएमसीएस) ऐप भी लॉन्च किया जाएगा। इससे दूध खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसानों को भुगतान में सुविधा होगी।
मंत्रालय के अनुसार, दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक मोबाइल दूध परीक्षण प्रयोगशाला को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। डेयरी उत्पादों के विपणन और वितरण को बढ़ाने के लिए विभिन्न हितधारकों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रगतिशील डेयरी किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा।

