बाबा बागेश्वर की एक और रथ यात्रा: 11 अक्टूबर से 5 जिलों में 500 KM का सफर, हिन्दू राष्ट्र के संकल्प के साथ निकलेंगे पंडित धीरेंद्र शास्त्री

छतरपुर : मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर यात्रा पर निकलने जा रहे हैं। भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ इस बार वे पदयात्रा की जगह रथ यात्रा निकालेंगे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर यात्रा की औपचारिक घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक, यह रथ यात्रा नवरात्रि के दौरान 11 अक्टूबर से शुरू होगी और पांच दिनों तक चलेगी। इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मध्यप्रदेश के पांच जिलों से गुजरते हुए करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
युवाओं का सम्मान देश की ताकत का सम्मान है: सुमन एक्का
5 जिलों से होकर गुजरेगी रथ यात्रा
रथ यात्रा का रूट मध्यप्रदेश के छतरपुर, पन्ना, दमोह, सागर और टीकमगढ़ जिलों से होकर गुजरेगा। जारी रूट चार्ट के अनुसार, यात्रा की शुरुआत पन्ना जिले के अमानगंज से होगी। इसके बाद रथ यात्रा पवई, सागर, दमोह, हटा और टीकमगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ेगी।
यात्रा में शामिल होंगे साधु-संत
पंडित धीरेंद्र शास्त्री के मुताबिक, इस रथ यात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से साधु, संत, महंत और महात्मा शामिल होंगे। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में यात्रा में संतों की भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि “रथ यात्रा में साधु-संतों का कमंडल होगा और बागेश्वर धाम का मंडल होगा।”
रात्रि विश्राम के दौरान होंगे धार्मिक आयोजन
यात्रा के दौरान प्रत्येक दिन रात्रि विश्राम के समय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शामिल होंगे। इसी दौरान श्रद्धालुओं को हिन्दू राष्ट्र बनाने के संकल्प की शपथ दिलाए जाने की बात भी कही गई है।
तैयारियों में जुटा बागेश्वर धाम
रथ यात्रा की घोषणा के बाद बागेश्वर धाम के साथ-साथ यात्रा के संभावित रूट वाले जिलों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और साधु-संतों के शामिल होने की संभावना है। पांच दिनों तक चलने वाली इस यात्रा को लेकर स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

