ड्रंक एंड ड्राइव पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, एक रात में 40 नशेड़ी चालक पकड़ाए
शहर के 09 प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान।

👉 ब्रीथ एनालाइजर से जांच के दौरान 40 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
👉 वर्ष 2026 में अब तक कुल 4,132 ड्रंक एंड ड्राइव प्रकरणों में की गई वैधानिक कार्यवाही।
रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 25 अक्टूबर 2026 की रात डीसीपी ट्रैफिक व प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के 09 प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें 40 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
रात्रिकालीन जांच अभियान के दौरान कार, टाटा एस पिकअप, ई-रिक्शा, मेटाडोर एवं दोपहिया वाहनों सहित विभिन्न श्रेणियों के वाहनों की जांच की गई। यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के कुल 4,132 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। यह अभियान शहर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर जारी है।
CG Weather Update: साइक्लोन बदलेगा मौसम का मिजाज, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में होगी बारिश
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर आम नागरिकों से अपील करती है कि शराब का सेवन कर किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। यदि किसी व्यक्ति ने शराब का सेवन किया है, तो वह स्वयं वाहन चलाने के बजाय वैकल्पिक परिवहन साधन का उपयोग करे अथवा किसी अन्य योग्य एवं नशामुक्त चालक की सहायता ले। नशे में वाहन चलाना स्वयं चालक, उसके परिवार तथा सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। यातायात नियमों का पालन करें, जिम्मेदार नागरिक बनें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
यातायात पुलिस, कमिश्नरेट रायपुर
सुरक्षित यातायात — सुरक्षित जीवन।

