भोपाल में आज भाजपा की महारैली, कई मार्ग रहेंगे बंद; घर से निकलने से पहले देख लें रूट प्लान

भोपाल : राजधानी भोपाल में आज भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सुबह 10 बजे टीटी नगर के प्लेटिनम प्लाजा स्थित अटल पथ से शुरू होकर रोशनपुरा तक पहुंचेगी। इसमें केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल सहित पार्टी के कई नेता शामिल होंगे।
भाजपा की इस महारैली को देखते हुए भोपाल पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। सुबह 8 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। भदभदा, रोशनपुरा, जवाहर चौक, भारत माता चौराहा, पॉलिटेक्निक और लिंक रोड-1 पर वाहनों का दबाव अधिक रहने की संभावना है।
रैली में करीब 1200 बसों और 2 हजार चार पहिया वाहनों के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में आम नागरिकों को परेशानी से बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाली बसों के लिए रूट और पार्किंग की व्यवस्था तय की गई है।
विदिशा-रायसेन से आने वाली बसों का रूट
विदिशा और रायसेन की ओर से आने वाली बसें पटेल नगर, खजूरी कलां तिराहा, पिपलानी रोड, महात्मा गांधी चौराहा, चेतक ब्रिज, बोर्ड ऑफिस और लिंक रोड-1 होते हुए अपेक्स बैंक व टीटी क्रॉस से टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी।
इन बसों की पार्किंग एलएलए रेस्ट हाउस परिसर में निर्धारित की गई है।
नर्मदापुरम-मंडीदीप-मिसरोद से आने वाली बसें
इस रूट से आने वाली बसें नर्मदापुरम रोड, सावरकर सेतु, गणेश मंदिर, मानसरोवर तिराहा, लिंक रोड-2, अर्जुन नगर, सेकंड स्टॉप और तुलसी नगर होते हुए अटल पथ के पास यात्रियों को उतारेंगी।
इन बसों के लिए तुलसी नगर स्थित अंबेडकर पार्क के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सीहोर-रातीबड़-नीलबड़ से आने वाली बसों का रूट
सीहोर, रातीबड़ और नीलबड़ की ओर से आने वाली बसें रातीबड़, नीलबड़, साखी ढाबा तिराहा, भदभदा और भारत माता चौराहा होते हुए जवाहर चौक पर यात्रियों को उतारेंगी।
इन बसों की पार्किंग मॉडल स्कूल में होगी।
मुबारकपुर बायपास से आने वाली बसें
मुबारकपुर बायपास की ओर से आने वाली बसें मुबारकपुरा, गांधीनगर, लालघाटी, वीआईपी रोड, पॉलिटेक्निक, बाणगंगा और रंगमहल होते हुए कमला नेहरू स्कूल सेंटर पॉइंट पर यात्रियों को उतारेंगी।
इन बसों की पार्किंग टीटी नगर दशहरा मैदान के आसपास निर्धारित की गई है।
पुराने शहर से आने वाली बसों का रूट
पुराने शहर से आने वाली बसें भारत टॉकीज, लिली चौराहा, कंट्रोल रूम, गांधी पार्क और रोशनपुरा होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी।
इन बसों के लिए लाल परेड मैदान, रविंद्र भवन और खटलापुरा रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
छत्तीसगढ़ में आज भी झमाझम बारिश के आसार, ‘मुरासु’ का दिखेगा असर; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
घर से निकलने से पहले देख लें रूट प्लान
भाजपा की पदयात्रा और उसमें बड़ी संख्या में वाहनों के शामिल होने के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

