छत्तीसगढ़

CG Coaching Centre Rules 2026: छत्तीसगढ़ में कोचिंग संस्थानों पर लगेगी लगाम, नया कानून लाने की तैयारी; नियम तोड़े तो 5 लाख तक जुर्माना

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की मनमानी पर रोक लगाने और विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए नया कानून लाने की तैयारी कर रही है। उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिए छत्तीसगढ़ कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) विधेयक, 2026 का प्रारूप तैयार कर लिया है। प्रस्तावित कानून के तहत 20 या उससे अधिक विद्यार्थियों वाले कोचिंग संस्थानों के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संस्थानों पर 10 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकेगा। गंभीर मामलों में पंजीकरण रद्द करने का भी प्रावधान रखा गया है।

बस्तर में जवानों संग दिवाली मनाएंगे PM मोदी, शहीदों के बलिदान को करेंगे नमन

पांच साल के लिए मिलेगा पंजीकरण

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को सुरक्षित, तनावमुक्त और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नए कानून से कोचिंग संस्थानों की जवाबदेही तय होगी और विद्यार्थियों को अनावश्यक पढ़ाई के दबाव, मनमानी फीस वसूली सहित दूसरी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

विधेयक के प्रारूप के अनुसार, 20 या इससे अधिक विद्यार्थियों की संख्या वाले कोचिंग सेंटरों को पंजीकरण कराना होगा। इसकी वैधता पांच साल तक रहेगी। संस्थानों को शुल्क और अन्य जरूरी जानकारियां भी पारदर्शी तरीके से सार्वजनिक करनी होंगी।

छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर जोर

प्रस्तावित कानून में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के मानसिक तनाव को कम करने के लिए परामर्श की व्यवस्था करने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान और सहायता के लिए 24 घंटे संचालित टेलीफोन सेवा शुरू करने की योजना है। कोचिंग सेंटरों से जुड़े छात्रावासों की सुरक्षा के लिए भी सख्त नियम बनाए जाएंगे। वहीं, बीच में कोर्स छोड़ने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार फीस वापस लेने की सुविधा मिलेगी।

IRCTC Tatkal Ticket Booking Tips: ट्रेन टिकट के लिए एजेंट को पैसे देने की जरूरत नहीं, IRCTC पर ऐसे बुक करें तत्काल टिकट

राज्य और जिला स्तर पर होगी निगरानी

नए कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने और कोचिंग संस्थानों की निगरानी के लिए राज्यस्तरीय प्राधिकरण बनाया जाएगा। इसकी अध्यक्षता मुख्य सचिव करेंगे। वहीं, जिला स्तर पर जिलाधीश की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि इन व्यवस्थाओं से कोचिंग संस्थानों के संचालन में पारदर्शिता आएगी। साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों के हितों की रक्षा होगी तथा कोचिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बन सकेगी।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper