छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के नियमों में बदलाव, अब किसानों को मिलेगा इतना टोकन; जानें नई व्यवस्था

रायपुर: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर 2026 से होने जा रही है। इससे पहले किसानों के लिए टोकन व्यवस्था में अहम बदलाव किए गए हैं। धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप में नए नियम लागू किए गए हैं। अब किसानों को उनकी कृषि भूमि के रकबे के आधार पर टोकन जारी किए जाएंगे। नई व्यवस्था में सीमांत, लघु और बड़े किसानों के लिए टोकन की संख्या और धान बेचने की मात्रा अलग-अलग निर्धारित की गई है।

दीपावली पर जेसीआई रायपुर संस्कार की अनूठी पहल – ‘प्रोजेक्ट वस्त्रम 2026’ से जरूरतमंदों के जीवन में बाँटी खुशियाँ

रकबे के हिसाब से मिलेगा टोकन

नई व्यवस्था के तहत किसानों को उनकी जमीन के क्षेत्रफल के अनुसार टोकन दिए जाएंगे। इसके लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

  • दो एकड़ से कम जमीन वाले किसान: सीमांत किसानों को केवल एक टोकन मिलेगा। उन्हें अपनी पूरी उपज एक ही बार में बेचनी होगी।
  • दो से 10 एकड़ तक जमीन वाले किसान: लघु किसानों को अधिकतम दो टोकन दिए जाएंगे। वे अपनी कुल उपज को 50-50 प्रतिशत के अनुपात में दो बार बेच सकेंगे।
  • 10 एकड़ से अधिक जमीन वाले किसान: बड़े किसानों को अधिकतम तीन टोकन मिलेंगे। इनके माध्यम से वे पहली बार 34 प्रतिशत, दूसरी बार 33 प्रतिशत और तीसरी बार शेष 33 प्रतिशत धान बेच सकेंगे।

हफ्ते में कितने दिन कटेगा टोकन?

तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान रविवार से शुक्रवार तक टोकन बुक कर सकेंगे। इसके लिए सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। किसान इस सुविधा के जरिए आगामी 30 दिनों तक के लिए अग्रिम टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

इस डिजिटल व्यवस्था के लिए किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य किया गया है। कुल धान खरीदी के लिए 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी होंगे, जबकि बाकी 30 प्रतिशत टोकन उपार्जन समितियों के जरिए किसानों की सहमति से काटे जाएंगे।

किसान खुद दर्ज कर सकेंगे धान की मात्रा

नई व्यवस्था में किसान पहले की तरह अपनी धान की मात्रा स्वयं दर्ज करके टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार धान विक्रय की योजना बनाने में मदद मिलेगी।

वहीं, उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी बायोमेट्रिक आधारित प्रणाली से की जाएगी। इसके तहत किसान की पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही धान की खरीदी की प्रक्रिया पूरी होगी।

IRCTC Tatkal Ticket Booking Tips: ट्रेन टिकट के लिए एजेंट को पैसे देने की जरूरत नहीं, IRCTC पर ऐसे बुक करें तत्काल टिकट

15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी धान खरीदी

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। किसानों की सुविधा के लिए सभी उपार्जन केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

परेशानी होने पर यहां करें संपर्क

टोकन बुक करने या धान बेचने के दौरान किसानों को किसी तरह की समस्या आती है, तो वे शासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं। यहां से उन्हें जरूरी जानकारी और सहायता मिल सकेगी।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे तुंहर टोकन ऐप पर दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अपनी जमीन के रकबे के अनुसार ही टोकन बुक करें, ताकि धान विक्रय के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper