छत्तीसगढ़

Chhattisgarh News: मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर सख्त हुए CM साय, बोले- समाज को मिलकर करना होगा इन बुराइयों का खात्मा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे समाज से एकजुट होकर प्रयास करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इन बुराइयों के खिलाफ सामूहिक संकल्प लेकर अभियान को जनआंदोलन बनाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन गंभीर विषयों का सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से है। कार्यशाला में न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भागीदारी सराहनीय है।

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड के संकेत, कई इलाकों में गिरेगा पारा; 4 डिग्री तक लुढ़केगा तापमान

जशपुर में मानव तस्करी की समस्या में आई कमी

मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या काफी गंभीर थी। हालांकि, सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है।

उन्होंने कहा कि कई मामलों में परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को अपने जाल में फंसाते हैं। ऐसे अपराधों को रोकने के लिए परिवार और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सांसद रहते हुए दिल्ली में उनके सामने मानव तस्करी के कई मामले आए थे। उस दौरान उन्होंने कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए आवश्यक पहल की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता इन अनुभवों से और मजबूत हुई है।

प्रदेश में संचालित हैं 42 सखी वन स्टॉप सेंटर

महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अन्य जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं।

इसके अलावा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के माध्यम से भी महिलाओं को मदद दी जा रही है। प्रदेश में महिला थानों की संख्या बढ़ाने के साथ पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। वहीं, अभिव्यक्ति ऐप के जरिए महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।

महतारी वंदन की 33 किश्तें जारी, 68 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित रखने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। योजना की अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और 68 लाख से अधिक माताएं-बहनें इससे लाभान्वित हो रही हैं।

योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं इस राशि का उपयोग सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और अन्य छोटे व्यवसाय शुरू करने में कर रही हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।

छत्तीसगढ़ में 14 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखपति दीदी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अब तक लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह महिलाओं की आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 253 वाहन चालकों पर कार्रवाई

कार्यशाला के सुझावों को जमीन पर उतारने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार, प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। कार्यशाला की सार्थकता तभी होगी, जब यहां मिले सुझावों को व्यवहार में लागू किया जाएगा और महिलाओं तथा बेटियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक माहौल तैयार होगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी और दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper