यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 253 वाहन चालकों पर कार्रवाई
शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चेकिंग पॉइंट्स पर की गई सघन वाहन जांच

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चेकिंग पॉइंट्स पर विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 253 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत यातायात थाना सहित तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, भाटागांव, टाटीबंध, भनपुरी, पंडरी, फाफाडीह, शारदा चौक एवं कालीबाड़ी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट एवं नंबर प्लेट से छेड़छाड़, मॉडिफाइड साइलेंसर, वाहनों में ब्लैक फिल्म, दोपहिया वाहनों में तीन सवारी, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, प्रदूषण नियमों का उल्लंघन, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, रॉन्ग साइड एवं नो एंट्री में वाहन चलाने तथा प्रेशर हॉर्न के उपयोग सहित विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। शहर में सुगम, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

