
छिंदवाड़ाः घर में आग लगने से बीमार बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र की डूंगरिया पुलिस चौकी अंतर्गत खापा स्वामी गांव में सोमवार दोपहर घर में आग लगने से एक बीमार बुजुर्ग की पलंग पर लेटे-लेटे जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 75 वर्षीय मदन डहरिया के रूप में हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार वे पिछले करीब पांच वर्षों से बीमार थे और चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण ज्यादातर समय पलंग पर ही रहते थे। सोमवार दोपहर घर के अंदर अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के समय वे घर में अकेले थे, जिससे समय पर मदद नहीं मिल सकी।
सूचना मिलते ही डूंगरिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है और मर्ग कायम कर लिया है।

