उत्तरप्रदेश

CM योगी का बड़ा बयान: कभी यूपी में दिखता था अराजकता का तांडव, अब माफिया मिट्टी में मिल गए

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। कभी अराजकता और माफिया राज के लिए चर्चा में रहने वाला प्रदेश आज विकास, सुशासन और अपनी समृद्ध विरासत के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और प्रदेश की विरासत उसकी नई पहचान बन रही है।

इस नवरात्रि चांदी भंडार लाया है बेहद ख़ास “आरण्या” एडिट

मुख्यमंत्री योगी संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित सेवा संकल्प यात्रा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। वडनगर से काशी पहुंची इस यात्रा में भाजपा युवा मोर्चा के एक हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह यात्रा निकाली गई थी।

काशी, अयोध्या और विंध्यवासिनी कॉरिडोर विकास के उदाहरण

सीएम योगी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर और मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर के बड़े उदाहरण हैं। भव्य-दिव्य कुंभ और मथुरा-वृंदावन की बढ़ती चहल-पहल भी नए उत्तर प्रदेश और नए भारत की पहचान बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 वर्ष पहले गुजरात से सरकार के मुखिया के रूप में जो यात्रा शुरू की थी, उसका अनुभव आज पूरा देश देख रहा है। गुजरात में भूकंप के बाद जिस तरह राज्य को दोबारा खड़ा किया गया, वह नेतृत्व और विकास की बड़ी मिसाल है। आज भारत सुरक्षित, समृद्ध और वैश्विक स्तर पर एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरा है।

आत्मनिर्भर बने हर गांव और जिला

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। यह लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब हर राज्य, जिला, गांव और कस्बा आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्पों के अभिनंदन के साथ-साथ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत कर रही है। युवाओं की ऊर्जा 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बोले योगी- पहले जमीन पर माफिया की नजर पड़ते ही कब्जा हो जाता था

पूर्व की कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि करीब दस वर्ष पहले प्रदेश में स्थिति ऐसी थी कि जिस जमीन पर माफिया खड़ा हो जाता था, वह जमीन उसकी मान ली जाती थी। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर किसी सपा समर्थक की नजर पड़ जाती थी, उसे भी अपना समझ लिया जाता था।

उन्होंने कहा कि उस दौर में बेटियों का सूर्यास्त के बाद घर से निकलना मुश्किल था और व्यापारी भय के माहौल में रहते थे। पर्व और त्योहार आने से पहले उत्सव की जगह उपद्रव की आशंका रहती थी। प्रदेश उस समय अपनी पहचान के संकट से गुजर रहा था।

वडनगर और काशी को आस्था ने जोड़ा

सेवा संकल्प यात्रा के दौरान वडनगर से पवित्र जल काशी विश्वनाथ धाम लाया गया, जबकि वाराणसी का जल वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह यात्रा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करती है।

उन्होंने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी, बारिश और विभिन्न परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने यात्रा को पूरा किया। मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान का भी उल्लेख किया और युवाओं से आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

35,263 किलोमीटर की यात्रा, 10 राज्यों के 193 जिलों तक पहुंची

वडनगर से काशी तक निकली सेवा संकल्प यात्रा में एक हजार से अधिक कार्यकर्ता 500 बाइक के साथ शामिल हुए। 20 अलग-अलग रूटों पर यात्रा ने कुल 35,263 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक कार्यकर्ता पहुंचे।

यात्रा के दौरान 25 प्रकार की गतिविधियों के तहत 1,518 सेवा कार्यक्रम, 13,239 पौधरोपण, 516 स्वच्छता अभियान, 147 लाभार्थी संवाद, 143 युवा संवाद और 122 ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। युवाओं ने सफाई, पौधरोपण और नशामुक्ति जैसे अभियानों में भी हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यात्रा के दौरान वर्चुअल माध्यम से युवाओं से जुड़े।

मोर की रंगोली में दिखी विकास योजनाओं की झलक

कार्यक्रम स्थल पर मोर के आकार की विशाल रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत और सामाजिक कल्याण से जुड़े संदेशों को दर्शाया गया था। मुख्यमंत्री योगी ने महिलाओं और छात्राओं के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और छात्राओं को टॉफी भी दी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से हुई, जिसके बाद सेवा संकल्प यात्रा पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई।

ICC T20 Ranking: श्रेयस अय्यर की टी20 रैंकिंग में बड़ी छलांग, लखनऊ शतक के बाद पहली बार टॉप-10 में एंट्री

कई प्रमुख नेता रहे मौजूद

समापन समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य समेत जनप्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और आमजन भी शामिल हुए।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper