छत्तीसगढ़

बिरगांव महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्नेहिल साहू ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के पालन की दी जानकारी

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, बिरगांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती स्नेहिल साहू ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती स्नेहिल साहू ने बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा किसी के साथ ओटीपी, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और मजबूत पासवर्ड रखने के महत्व को बताया। महिला सुरक्षा के संबंध में उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी अनुचित गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।

यातायात जागरूकता के तहत विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की संयोजक डॉ. सौम्या रामटेके, प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा, शिक्षकगण सहित लगभग 250 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों एवं विद्यार्थियों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper