
फिर आमने-सामने होंगे दिलजीत दोसांझ और कंगना रनौत! 12 जून को बॉक्स ऑफिस पर बड़ा क्लैश
Box Office Clash: बॉलीवुड में एक बार फिर बड़ा बॉक्स ऑफिस मुकाबला देखने को मिलने वाला है। निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ और कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ एक ही दिन 12 जून 2026 को रिलीज होने जा रही हैं। खास बात यह है कि सोशल मीडिया पर पहले भी कई बार आमने-सामने आ चुके दिलजीत दोसांझ और कंगना रनौत का यह क्लैश अब सीधे सिनेमाघरों तक पहुंचने वाला है। इस बड़ी टक्कर में मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ और विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट’ भी शामिल हैं, जिससे 12 जून का बॉक्स ऑफिस मुकाबला और भी दिलचस्प बन गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस क्लैश को लेकर अब निर्देशक इम्तियाज अली का बयान भी सामने आया है। ‘द फ्री प्रेस जर्नल’ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि फिल्मों की रिलीज डेट और क्लैश जैसी चीजें पूरी तरह किसी के कंट्रोल में नहीं होतीं। इम्तियाज ने बताया कि उनकी फिल्म की रिलीज डेट सबसे पहले घोषित की गई थी और आमतौर पर इंडस्ट्री में भाईचारे के तहत निर्माता-निर्देशक आपस में बातचीत कर रिलीज डेट एडजस्ट कर लेते हैं। हालांकि उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि यह पहली बार है जब उन्हें पता चला कि उसी दिन कई और फिल्में भी रिलीज हो रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने साफ कहा कि अगर क्लैश होना तय है तो उनकी टीम इसके लिए पूरी तरह तैयार है।
इम्तियाज अली ने यह भी कहा कि साल में केवल 52 हफ्ते होते हैं, जबकि रिलीज होने वाली फिल्मों की संख्या इससे कहीं ज्यादा होती है। ऐसे में फिल्मों का एक-दूसरे से टकराना लगभग तय है और इसे पूरी तरह रोका नहीं जा सकता। अब सबसे ज्यादा चर्चा दिलजीत दोसांझ और कंगना रनौत की फिल्मों को लेकर हो रही है, क्योंकि दोनों सितारों के बीच पहले भी सोशल मीडिया पर कई बार तीखी बहस देखने को मिल चुकी है। ऐसे में दर्शकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि बॉक्स ऑफिस पर किसकी फिल्म बाजी मारती है।

