देश-विदेश

व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, अंदर मौजूद थे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिका ।  अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब व्हाइट हाउस परिसर के ठीक बाहर अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू हो गई। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक व्हाइट हाउस के बाहर करीब 20 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई, जिसके बाद पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर डाल दिया गया। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की त्वरित जवाबी कार्रवाई में लावर घायल हो गया और उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया है। घटना में व्हाइट हाउस का कोई सुरक्षाकर्मी घायल नहीं हुआ है।

फायरिंग की घटना के बाद व्हाइट हाउस परिसर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई। सीक्रेट सर्विस की स्नाइपर टीमों को तुरंत व्हाइट हाउस की छतों और आसपास के इलाकों में तैनात कर दिया गया, जबकि नॉर्थ लॉन को पूरी तरह खाली करा लिया गया। सुरक्षा कारणों से व्हाइट हाउस प्रेस ब्रीफिंग रूम भी तत्काल बंद कर दिया गया और वहां मौजूद पत्रकारों व मीडियाकर्मियों को अंदर ही सुरक्षित रहने के निर्देश दिए गए। घटना के बाद अमेरिकी खुफिया एजेंसी FBI और सीक्रेट सर्विस की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन घटना ने अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
📰 E-Paper