महिला सशक्तिकरण पर जोर : चेंबर महिला विंग की बैठक में पहुंची राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू

रायपुर। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की महिला विंग की सामान्य बैठक आज राजधानी रायपुर में आयोजित हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
डॉ. साहू ने इस अवसर पर कहा कि आज मातृशक्ति हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। उन्होंने व्यापार, उद्योग, शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में महिलाओं द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। साथ ही राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही योजनाओं, कानूनी सहायता एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
बैठक के दौरान महिला चेंबर की सदस्यों ने प्रदेश के सभी जिलों में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने का सुझाव रखा। इस पर डॉ. ममता साहू ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि आयोग महिलाओं के हित के लिए सदैव तत्पर है।
इस अवसर पर डॉ. इला गुप्ता, मनीषा तरवानी, नम्रता अग्रवाल सहित महिला चेंबर की समस्त पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में बहनें उपस्थित रहीं।

