छत्तीसगढ़

ताइक्वांडो में राजकुमार कॉलेज की छात्राओं ने लहराया परचम

अंडर-14 में ओवरऑल चैंपियन, 14 पदकों पर जमाया कब्जा; चार खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्कूल गेम्स के लिए चयन

रायपुर। राजकुमार कॉलेज, रायपुर की बालिका खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय आईपीएससी बालिका ताइक्वांडो चैम्पियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। 1 से 3 अक्टूबर 2026 तक एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर में आयोजित अंडर-14 एवं अंडर-17 वर्ग की प्रतियोगिता में राजकुमार कॉलेज की 20 छात्राओं ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में राजकुमार कॉलेज की खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक अपने नाम किए। इनमें 4 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर राजकुमार कॉलेज ने अंडर-14 बालिका वर्ग में ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन का पुरस्कार राजकुमार कॉलेज की चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिला है। अर्पण कुरें, पूजा मीनपाल, स्वस्तिका अग्रवाल और दिशा शर्मा, सभी कक्षा 6वीं की छात्राओं का चयन 70वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स-2026 (SGFI) के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्य कर्नल अविनाश सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रीय स्कूल गेम्स के लिए चयनित चारों खिलाड़ियों को विशेष रूप से शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजकुमार कॉलेज एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper