Join us?

लेख
Trending

चिकित्सा क्षेत्र में नैतिकता के सवाल


हृदयनारायण दीक्षित

नैतिकता विशिष्ट जीवन मूल्य है। सभ्यता के प्रारंभ से ही नैतिक शिक्षा का विकास भी होता रहा है। मनुष्य ने मिलजुल कर रहने की आवश्यकता अनुभव की थी। इतिहास के पाषाण काल से लेकर अब तक लगातार नए भूक्षेत्रों और चिंतन अनुशासन की खोज जारी है। एक यूनानी इतिहासकार ग्रोट ने लिखा था कि किसी देश में संविधान सर्वोच्च सत्ता होता है। लोग गलत कामों से डरते हैं। इसलिए वे कानून तोड़ने का साहस नहीं कर पाते। समाज के बड़े हिस्से के अंतःकरण में नैतिक निष्ठा रहती है। भारत में नैतिकता आदर्श मानी जाती है। तो भी सम्यक नैतिकता का पालन एक वर्ग द्वारा नहीं किया जाता।

‘नैतिक‘ निष्ठा वाले समाज परंपराएं आगे बढ़ाते रहते हैं। संप्रति चिकित्सा क्षेत्र में नैतिकता के सवाल उठ रहे हैं। औषधियों के निर्माता अपने ब्रांड को श्रेष्ठ और अन्य ब्रांडों को बेकार बताते हैं। कुछ समय पहले पतंजलि कम्पनी द्वारा नए उत्पादों की घोषणा की गई। अनेक असाध्य रोगों के ठीक हो जाने का दावा किया गया। इनमें तमाम स्वस्थ हुए होंगे और तमाम लोगों को चिकित्सा से निराशा हुई होगी। ऐसे तमाम मामले न्यायालयों का विषय बने। ’इंडियन मेडिकल एसोसिएशन’ ने भी अपना पक्ष रखा। चिकित्सक अपनी-अपनी चिकित्सा पद्धतियों का प्रचार करने और सही ठहराने के प्रयास में रहे। यह अनुचित था।

चिकित्सा उत्पाद साधारण दवा नहीं होते। अनुशासन में रहते हुए इनका सेवन उपयोगी होता है। औद्योगिक प्रबंधनों द्वारा दिए गए विज्ञापन और प्रचार से रोगी प्रभावित होते हैं। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (एन.सी.डी.आर.सी) ने हाल ही में जॉनसन एंड जॉनसन लिमिटेड पर 35 लख रुपए का जुर्माना लगाया है। आरोप है कि कम्पनी द्वारा निर्मित दोषपूर्ण हिप रिप्लेसमेंट डिवाइस से रोगी को तमाम जटिलताएं झेलनी पड़ी।

भारत में चिकित्सक को भगवान जैसा आदर मिलता रहा है। तमाम चिकित्सक ऐसे होते भी हैं। उनमें सेवा भाव रहता है। वह अपने विषय के विशेषज्ञ भी होते हैं। मैं न्यूरोलॉजी के अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ पद्मश्री डॉक्टर सुनील प्रधान (लखनऊ) का उल्लेख कर सकता हूं। वह रोगी के प्रति ममत्व भाव रखते हैं और अपने कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा। वे विरल हैं। सरल हैं। कठोर हैं और मुलायम भी हैं। ऐसे तमाम चिकित्सक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हैं। कोरोना महामारी के दौरान उनके कर्तव्य प्रशंसनीय रहे हैं। मगर एक बड़ा हिस्सा चिकित्सा को उत्कृष्ट सेवा धर्म नहीं मानता। सरकारों द्वारा संचालित अस्पताल पर्याप्त नहीं हैं। इन अस्पतालों की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। रोगी के साथ प्रेमपूर्ण व्यवहार नहीं होता। इसका दुष्परिणाम सामने है। महानगरों में हजारों निजी अस्पताल बढ़े हैं। इनमें रोगियों को अच्छा व्यवहार मिलता है। लेकिन भारी-भरकम पैसा वसूली साधारण बात है। निजी अस्पताल अच्छी आमदनी देने वाला व्यवसाय हो गया है। सो निजी अस्पतालों की भीड़ है।

चिकित्सा मानवता के प्रति प्रत्यक्ष सेवाभाव है। चिकित्सकों को¨ ’हिप्पोक्रेटिक ओथ’ दिलाई जाती है। उच्च आदर्शों के लिए दीक्षांत समारोह के दौरान यह शपथ दोहराने की परंपरा है। शपथ के प्रत्येक वाक्य का संबंध चिकित्सा नैतिकता से है। परोपकार भी इस शपथ का भाग है। इसमें उपचार के दौरान रोगी के स्वास्थ्य और कल्याण की प्राथमिकता सम्मिलित है। चिकित्सा संबंधी उपकरण आपूर्ति करने वाली कंपनी को भी इस नैतिकता से जोड़ा गया है। रोगी से संबंधित जानकारी की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करना इस नैतिकता का हिस्सा है। चिकित्सकों और मरीजों के बीच विश्वास की कमी का उल्लेख है। सरकारी अस्पतालों में कार्यरत तमाम डॉक्टर घर पर निजी प्रैक्टिस करते हैं। मरीज के परिजन परेशान रहते हैं। आधुनिक चिकित्सा पद्धति वैज्ञानिक है। लेकिन शपथ संकल्प में देवताओं और देवियों का उल्लेख भी किया गया है। अपोलो यूनान के देवता हैं। उनके साथ प्रतिष्ठित देवियों को भी गिना गया है। वे जुड़वां हैं। शपथ का सम्बंध निजी संकल्प से होता है। चिकित्सा क्षेत्र में प्रगाढ़ संकल्प की आवश्यकता है। विधायक, सांसद, मंत्री और न्यायपालिका में भी शुद्ध अंतःकरण से काम करने की शपथ ली जाती है, लेकिन शपथ के परिणामों से सारा देश अवगत है।

प्राचीन भारत की चिकित्सा परंपरा अनूठी है। सबकी इच्छा होती है कि हम स्वस्थ रहें। दीर्घायु पाएं। लेकिन रोग बढ़े हैं। नए रोगों की संख्या बढ़ी है। जल और वायु प्रदूषित है। रोग हो जाने के बाद उपचार के लिए चिकित्सक की शरण में जाते हैं। लेकिन भारत में रोग होने के पहले ही शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग विज्ञान और संयमित जीवन की आदर्श आचार संहिता है। इसीलिए भारतीय चिकित्सा पद्धति को आयुर्वेद कहा गया है। यह स्वस्थ आयु का विज्ञान है। संक्षेप में आयुर्विज्ञान। चरक संहिता के अनुसार रोगों की वृद्धि हुई। तब परस्पर विचार विमर्श के लिए विद्वानों की बैठक हुई। तय किया गया कि भारद्वाज इंद्र के पास जाएं और रोग दूर करने की जानकारी लें। तमाम विद्वानों से ज्ञान लेकर इस सभा को बताएं। भारद्वाज ने यह ज्ञान आत्रेय को बताया और आत्रेय ने अग्निवेश को। इस कथा से पता चलता है कि प्राचीन काल में भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण था। चरक संहिता में पृथ्वी, जल, वायु, आकाश, अग्नि, देश, काल और मन के साथ आत्मा को भी द्रव्य बताया गया है। चरक का आत्म द्रव्य गीता वाली अमर आत्मा से भिन्न है। वैशेषिक दर्शन से जुड़ा है।

यूरोपीय औषधि वैज्ञानिकों ने अपोलो जैसे देवता के सामने संकल्प लेने की बात कही है। चरक ने आयुर्विज्ञान में इंद्र को महत्व दिया है। जैसे इंद्र वैदिक काल के प्रतिष्ठित देवता हैं वैसे ही यूनान के देवता अपोलो। ऋग्वेद के रचना काल में तमाम रोगों और औषधियों की जानकारी थी। ऋग्वेद (10.97) में कहते हैं, ‘‘औषधियों का ज्ञान तीन युग पहले ही हो चुका था।‘‘ ऋषि बताते हैं कि, ‘‘औषधियां कई तरह की हैं। कुछ फल वाली, कुछ फूल वाली। औषधियों का प्रभाव शरीर पर पड़ता है।‘‘ मैकडनल और कीथ ने वैदिक इंडेक्स में बताया है कि, ‘‘भारतवासियों की रुचि शरीर रचना से संबंधित विज्ञान की तरफ थी। ऋग्वेद में अश्विनी कुमारों के चिकित्सा ज्ञान का उल्लेख है। अपोलो की तरह वे भी जुड़वा हैं। उन्होंने अनेक ऋषियों को स्वस्थ किया है। आधुनिक सभ्यता के प्रभाव में मानसिक रोग बढ़े हैं। चरक संहिता में कहते हैं कि, ‘‘ईर्ष्या, शोक, भय और क्रोध आदि मनोविकार हैं। जब मन और बुद्धि का समान योग होता है। संतुलन ठीक रहता है। तब मनुष्य स्वस्थ रहता है। जब इनका योग या अतियोग या मिथ्यायोग होता है तब रोग पैदा होते हैं। अच्छी नींद के कारण ज्ञानेंद्रियों की प्रवृत्ति उचित रहती है। आयु नियत बनी रहती है। अनिद्रा में ज्ञानेंद्रियों की उचित प्रवृत्ति नहीं होती। तमाम मानसिक विकार पैदा होते हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान में मन को स्वस्थ रखने पर जोर दिया गया है। अर्थ से स्पष्ट है कि मनोरोगों की जानकारी सिगमंड फ्रायड जैसे विद्वान के पहले ही भारत को थी।

चिकित्सा नैतिकता की बात ठीक उठी है। चरक संहिता में कहा गया है कि, चिकित्सक सेवा भाव से काम करें। राजा से चिकित्सा का पूरा खर्च लेना चाहिए, लेकिन धनाभाव से पीड़ित गरीब से धन लोलुपता नहीं दिखानी चाहिए। लिखा है कि अगर ज्यादा धन लेना ही वैद्य का उद्देश्य बन रहा हो तो चिकित्सक को लोहे के गरम गोले अपने मुंह में डाल लेना चाहिए। यहां चरक कठोर दिखाई पड़ते हैं। लेकिन जीवन मृत्यु के महत्वपूर्ण प्रश्नों के समाधान में कठोरता जरूरी है। चिकित्सा क्षेत्र में नैतिकता का प्रश्न महत्वपूर्ण है।

(लेखक, उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button