मध्यप्रदेश
Trending

बुंदेलखंड के हर खेत को पानी और हर हाथ को मिलेगा काम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत की मातृशक्ति ने भारत का मान बढ़ाया है। भारत में बहन-बेटियों का सम्मान होता है, दुनिया में कहीं भी रक्षाबंधन नहीं मनाया जाता है। सात जन्मों तक भाई-बहन का प्यार रहता है इस प्यार की किसी से तुलना नहीं हो सकती। इसलिए सरकार ने तय किया है कि लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन पर 250 रुपए बढ़ाकर दिये जाएंगे। साथ ही आगामी दीपावली से लाड़ली बहनों को 1500 रुपए दिए जाएंगे और 2028 तक यह राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई ताकत हमारी लाड़ली बहनों को धन देने से नहीं रोक सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बहनों के विकास के मामले में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगी। रेडीमेड गारमेंट में काम करने वाली बहनों को मध्यप्रदेश सरकार 5 हजार रुपए महीना देगी यह सरकार का निर्णय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में देवी अहिल्याबाई नारी शक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में शामिल होकर मैं अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में गरीबी को दूर करने के लिए नदी जोड़ो अभियान की कल्पना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र की केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की शुरुआत हमारी सरकार ने की है जिस पर तेजी से काम किया जा रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड की अक्षरु माता मंदिर के लोक निर्माण के लिए 5 करोड़ की राशि देने और सिमरा से पृथ्वीपुर मार्ग के दोहरीकरण के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवाड़ी जिले में किसान हल्दी, अदरक, लहसुन की खेती करते हैं। इसके लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवाड़ी जिले में मछली उत्पादन करने वाले मछुआरों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की आने वाला समय अब बुंदेलखंड का है। यहां के किसानों के खेतों तक समुचित पानी पहुंचेगा हर हाथ को कम मिलेगा, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में फसलों का उत्पादन ठीक प्रकार से हो और उसकी अच्छी कीमत भी किसानों को मिले इसके समुचित प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार देश में सबसे ज्यादा 2600 रुपए समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 350 से अधिक सांदीपनि विद्यालय बनाए जा रहे हैं। जुलाई महीने से जिन बच्चों के घर की स्कूल से दूरी 7 किलोमीटर से अधिक है, ऐसे सभी बच्चों को साइकिल देने का काम सरकार करने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों को मध्यप्रदेश सरकार लैपटॉप भी उपलब्ध कराएगी। प्रदेश सरकार आईटी सेक्टर को भी प्रोत्साहित कर रही है जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार मिल सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुनिया का कोई भी देश हमारे नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार नहीं कर सकता। भारत दुश्मनों से लड़ने के लिए अपनी सीमा का इंतजार नहीं करता। उनके घर में घुसकर मारने का काम करता है, यह बदलते दौर का भारत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पड़ोसी देश ने पहलगाम में हमारी बहनों के सिंदूर पर हाथ डालने का प्रयास किया, जिसका हमारी सेना ने उनके घर जाकर करारा जवाब दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व आने वाला है। हम जन्माष्टमी के पर्व पर माता यशोदा मैया को स्मरण करेंगे। भगवान श्रीकृष्ण और यशोदा मैया के प्यार को दुनिया समझती है यह हमारे अतीत का गौरवशाली पृष्ठ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि भगवान श्रीकृष्ण की जहां-जहां लीलाएं हुई हैं उन स्थानों को तीर्थ का दर्जा दिया जाएगा। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री एवं टीकमगढ़ सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने भी संबोधित किया। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण एवं निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायन सिंह कुशवाह, विधायक निवाड़ी श्री अनिल जैन, विधायक जतारा श्री हरिशंकर खटीक, पूर्व मंत्री श्री राहुल सिंह लोधी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।

Join Us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
पैरों के लिए आसान मेहंदी डिजाइन जो देंगे देसी गर्ल वाइब घर बैठे जानें PM किसान योजना की 2000 रुपये किश्त मिलेगी या नहीं – लिस्ट में ऐसे चेक करें नाम Aadhaar अपडेट 2025 अब नाम, फोटो, पता बदलने के लिए चाहिए ये डॉक्यूमेंट्स 1 साल के लिए फ्री JioHotstar और Amazon Prime! बस करा लो ये 4 धमाकेदार रिचार्ज