
होली हमारी सांस्कृतिक पहचान: मुख्यमंत्री धामी
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उधमसिंह नगर के काशीपुर नगर निगम परिसर में आयोजित रंगोत्सव होली मिलन समारोह में पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली एवं भजन गायन की प्रस्तुतियों के बीच होली गायन में सहभागिता की। इस दौरान लोगों ने उन पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री धामी ने जनसमुदाय को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली हमारी समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह पर्व परस्पर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक परंपराओं को वैश्विक पहचान मिल रही है और युवाओं को आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने काशीपुर में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क, काशीपुर-रामनगर राजमार्ग के चौड़ीकरण, मिनी बाईपास, पेयजल एवं सीवरेज परियोजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेलकर उत्सव की खुशियां साझा कीं और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

