वाराणसी में CM मोहन यादव बोले- 5 हजार साल पुराना श्रीकृष्ण का इतिहास आज भी देता है जीवन की सीख

वाराणसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वाराणसी में आयोजित अखिल भारतीय गोवर्धन पूजन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित गोवर्धनधारी मंदिर का लोकार्पण किया और भगवान गोवर्धन के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर मां गंगा के तट पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश और देशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।
श्रीकृष्ण का जीवन सत्य और संघर्ष की प्रेरणा देता है
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का लगभग 5 हजार वर्ष पुराना इतिहास आज भी लोगों को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी इंसान को हिम्मत नहीं हारनी चाहिए, लगातार संघर्ष करना चाहिए और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ते रहना चाहिए।
गोवर्धन स्वरूप प्रकृति संरक्षण का देता है संदेश
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की विशेष महत्ता बताते हुए कहा कि यह स्वरूप हमें प्रकृति की पूजा और उसके संरक्षण का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र के अहंकार को समाप्त किया था। यह प्रसंग सिखाता है कि अहंकार का अंत निश्चित है और प्रकृति का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।
रायपुर से धरमजयगढ़ रवाना हुईं स्मृति ईरानी, जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का लेंगी जायजा
सीएम ने की सभी के सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि जिस तरह आज अयोध्या में भगवान श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं, उसी तरह आने वाले समय में भगवान गोपाल कृष्ण भी मुस्कुराएंगे। उन्होंने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर सभी को बधाई देते हुए भगवान गोवर्धन से देश और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

