रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबला, जानिए मैच का समय और टिकट बुकिंग की पूरी जानकारी

रायपुर : छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16 अक्टूबर से भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी। मुकाबलों को लेकर स्टेडियम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के छत्तीसगढ़ पहुंचने का सिलसिला जारी है। वहीं, आज दोनों टीमें अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।
चीन को विदेश मंत्री एस. जयशंकर की दो टूक, बोले- बॉर्डर पर शांति के बिना रिश्ते सामान्य होना मुश्किल
16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। सीरीज के सभी मुकाबले नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे। पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे।
सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। दर्शकों की सुविधा के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री भी शुरू हो चुकी है।
दर्शकों के लिए पार्किंग और वाई-फाई की सुविधा
मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में कई व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ई-टिकट स्कैन करने के लिए ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध रहेगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे।
इसके अलावा स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की व्यवस्था होगी। दर्शकों के लिए खाने-पीने की चीजों और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी भी की गई है।
कलेक्टर ने क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के साथ की बैठक
मैचों के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुकाबलों के सुचारु आयोजन और दर्शकों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अब क्रिकेट प्रेमियों को 16 अक्टूबर को होने वाले पहले मुकाबले का इंतजार है। तीन मैचों की इस सीरीज के दौरान नवा रायपुर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम क्रिकेट के रोमांच का केंद्र रहेगा।

