
डेयरी कॉलेज में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
डेयरी कॉलेज में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। लाभांडी स्थित शासकीय कॉलेज ऑफ डेयरी साइंस एंड फूड टेक्नोलॉजी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छोकरा नाला स्थित 36 मॉल के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का संचालन कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत योग शिक्षिका रागिनी पाण्डेय ने किया। रागिनी पाण्डेय श्रीरावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय रायपुर की शोधार्थी तथा सेंट्रल कॉलेज ऑफ एजुकेशन रायपुर में सहायक प्राध्यापक हैं। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है।
प्रतिभागियों को ध्यान, प्राणायाम और विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया तथा तनाव प्रबंधन और एकाग्रता बढ़ाने के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

