
अमेरिकी खरीदार से सीधे संपर्क कर सकेंगे MSME निर्यातक, डिजिटल पोर्टल पर 10 मार्च से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
नई दिल्ली। अब छोटे निर्यातक भी सीधे तौर पर अमेरिका के खरीदार से संपर्क कर उन्हें अपना सामान बेच सकेंगे। इस काम के लिए न्यूयार्क स्थित भारतीय वाणिज्यिक दूतावास अमेरिकी सरकार के सहयोग से एक डिजिटल पोर्टल बना रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस पोर्टल पर भारत के एमएसएमई निर्यातक व अमेरिका के आयातक होंगे और उनकी पूरी जानकारी उस पोर्टल पर होगी। वस्तु के साथ सेवा सेक्टर के निर्यातक-आयातक भी इस पोर्टल पर खुद को पंजीकृत कर व्यापार कर सकेंगे।
ODOP उत्पाद की भी नुमाइश की जाएगी
दूतावास के मुताबिक, इस पोर्टल पर वन डिस्ट्रिक, वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के तहत देश के हर जिले में तैयार हो रहे उत्पाद की भी नुमाइश की जाएगी। ताकि अमेरिका में उन वस्तुओं के खरीदार तैयार किए जा सके और भारत के छोटे-छोटे स्थानीय निर्माता निर्यात कर सके।
बिजनेस टू बिजनेस (बीटूबी) स्तर पर अमेरिकी खरीदारों के साथ बैठक कर सकेंगे और आर्डर ले सकेंगे। इस संबंध में न्यूयार्क स्थित भारतीय दूतावास की साइट पर जाकर एमएसएमई निर्यातक संपर्क कर सकते हैं। पोर्टल पर जाकर निर्यातक आसान तरीके से श्रेणी और वस्तु के हिसाब से निर्यात की संभावना तलाश सकेंगे।
भारत को अपने निर्यात को बढ़ाने का बड़ा अवसर
अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा आयातक देश है और यहां भारत को अपने निर्यात को बढ़ाने का बड़ा अवसर है। अभी दोनों देशों के बीच होने वाला व्यापार समझौता अंतिम चरण में है जो फिलहाल शुल्क को लेकर अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद टल गया है।
इस बीच अमेरिका के उप विदेश सचिव क्रिस्टोफर लैंडो ने कहा है कि भारत के साथ व्यापार समझौते में अमेरिका भारत को चीन की तरह छूट नहीं देगा ताकि भविष्य में चीन की तरह भारत भी अमेरिका का प्रतिद्वंद्वी न बन जाए।
यूरोपीय यूनियन (ईयू) के 27 देशों के साथ व्यापार समझौते पर अमल के बाद ईयू और भारत भी एमएसएमई निर्यातकों के लिए एक संयुक्त पोर्टल बनाएंगे। ईयू के साथ भारत का व्यापार समझौता हो चुका है और अगले साल आरंभ में इस पर अमल होने की संभावना है।

