
छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के नवनियुक्त उपाध्यक्ष श्री अंजय शुक्ला ने संभाला पदभार
जतिन नचरानी
रायपुर, ।छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड द्वारा राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर, जीरो प्वाइंट, रायपुर में नवनियुक्त उपाध्यक्ष श्री अंजय शुक्ला के पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम में बोर्ड के अध्यक्ष श्री विकास मरकाम ने श्री शुक्ला को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए बोर्ड की योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न नवाचार किए जा रहे हैं। धमतरी जिले में महानदी किनारे महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से खस की खेती तथा गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में लेमनग्रास की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन योजनाओं के लिए अग्रिम भुगतान की व्यवस्था भी की गई है और इस नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है।
इसके पश्चात श्री अंजय शुक्ला ने विधिवत हस्ताक्षर कर उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव ने बोर्ड के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पारंपरिक वैद्यकीय पद्धति आज भी प्रभावी है और विशेषकर बस्तर क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग वैद्यों पर निर्भर हैं, जहां नि:शुल्क उपचार की परंपरा आज भी कायम है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री खुशवंत साहेब ने अपने उद्बोधन में कहा कि जड़ी-बूटियों के माध्यम से कम लागत में प्रभावी उपचार संभव है, जो राज्य की समृद्ध परंपरा को दर्शाता है। वहीं धरसीवां विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने भी श्री शुक्ला को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल के सफल होने की कामना की।
मुख्य अतिथि वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में व्यापक वन क्षेत्र होने के कारण यहां दुर्लभ वनौषधियों का भंडार है। उन्होंने बताया कि राज्य में वन क्षेत्र में वृद्धि हुई है, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बस्तर क्षेत्र में बड़ी आबादी वन और वनौषधियों पर निर्भर है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर सभी से प्राकृतिक संसाधनों एवं पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जे.ए.सी.एस. राव सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।
