देश-विदेश
Trending

प्रधानमंत्री मोदी ने शीर्ष कैरेबियाई नेताओं से की मुलाकात

जॉर्जटाउन ।  भारत कैरिकॉम शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैरेबियाई देशों के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान भारत और कैरेबियाई देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी बुधवार को गुयाना पहुंचे थे और यह बीते 50 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली गुयाना यात्रा है। गुयाना में प्रधानमंत्री ने दूसरे भारत-कैरेबियाई सम्मेलन में शिरकत की।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली के साथ शानदार बैठक हुई। राष्ट्रपति का खुद भारत के साथ मजबूत रिश्ता है। भारत हमेशा बुनियादी ढांचे, शिपिंग, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में गुयाना के लिए एक विश्वसनीय भागीदार रहेगा’। दोनों नेताओं के बीच कौशल विकास, क्षमता निर्माण, कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, शिक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने गुयाना के अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन जैसी पहल को उल्लेखनीय बताया।

पीएम मोदी ने जॉर्जटाउन में बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया मोटली से भी मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने एक्स पर साझा एक पोस्ट में बताया, ‘बैठक के दौरान, बारबाडोस की प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को बारबाडोस के शीर्ष सम्मान से सम्मानित करने के अपने सरकार के फैसले की घोषणा की। यह सम्मान कोविड-19 महामारी के दौरान सहायता करने और भारत-बारबाडोस संबंधों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए दिया गया है।’ यह पुरस्कार 30 नवंबर को बारबाडोस में प्रदान किया जाएगा।

इन कैरेबियाई देशों के नेताओं से भी मिले पीएम मोदी

पीएम मोदी और मिया मोटली के बीच स्वास्थ्य और फार्मा क्षेत्र में सहयोग के साथ ही संयुक्त राष्ट्र में सहयोग पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री मोदी ने बहामास के अपने समकक्ष फिलिप डेविस से भी मुलाकात की और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, जलवायु परिवर्तन और हरित भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की। भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री ने त्रिनिदाद और टोबैगो के प्रधानमंत्री कीथ रोली के साथ ही सूरीनाम के राष्ट्रपति चैन संतोखी से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने डोमिनिका के अपने समकक्ष रूजवेल्ट स्केरिट से भी मुलाकात की और उन्हें अपने देश के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए धन्यवाद दिया।

 

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper