
प्रियंका चोपड़ा को मिलेगा ‘ग्लोबल वैंगार्ड ऑनर’
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है। गोल्ड हाउस द्वारा आयोजित ‘गोल्ड गाला 2026’ में उन्हें प्रतिष्ठित ग्लोबल वैंगार्ड ऑनर से सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह 9 मई को लॉस एंजिल्स के डाउनटाउन स्थित ‘द म्यूजिक सेंटर’ में आयोजित होगा, जहां मनोरंजन और कला जगत की कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां मौजूद रहेंगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रियंका को यह सम्मान फिल्म जगत में उनके 25 वर्षों के योगदान और एशियाई प्रशांत संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में उनकी भूमिका के लिए दिया जा रहा है। गोल्ड हाउस के अनुसार, प्रियंका ने भारतीय सिनेमा और हॉलीवुड के बीच एक मजबूत सेतु का काम किया है और अपनी प्रतिभा से दुनियाभर में अलग पहचान बनाई है। इस सम्मान समारोह में चार्ल्स मेल्टन, जेट ली, सिमु लियू और ईजेएई जैसे अन्य चर्चित नाम भी सम्मानित किए जाएंगे।
‘गोल्ड गाला’ का यह पांचवां संस्करण होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 650 से अधिक मेहमान गोल्ड 100 सूची में शामिल हस्तियों का जश्न मनाने के लिए एकत्र होंगे। प्रियंका का नाम इस सूची में शामिल होना उनके लगातार बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है। अभिनय के साथ-साथ वह अपनी प्रोडक्शन कंपनी पर्पल पेबल पिक्चर्स के जरिए भी कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स से जुड़ी रही हैं।
प्रियंका चोपड़ा ने बीते कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका नाम टाइम 100 और फोर्ब्स की प्रभावशाली महिलाओं की सूची में भी शामिल हो चुका है। आने वाले समय में वह निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
