ऑल इंडिया IPSC शूटिंग चैंपियनशिप में राजकुमार कॉलेज रायपुर का दबदबा
बालक-बालिका दोनों वर्गों में जीता ओवरऑल खिताब, 48 पदकों के साथ 12 विद्यार्थी नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चयनित

रायपुर। राजकुमार कॉलेज, रायपुर में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित ऑल इंडिया IPSC U-14 एवं U-19 बालक-बालिका शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का समापन मेजबान विद्यालय की ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ हुआ। प्रतियोगिता में देश के 20 विद्यालयों के 336 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया, जिनमें 185 बालक और 151 बालिकाएं शामिल थीं। मेजबान राजकुमार कॉलेज के 54 निशानेबाजों, जिनमें 29 बालक और 25 बालिकाएं थीं, ने प्रतियोगिता में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। कॉलेज के खिलाड़ियों ने कुल 48 पदक अपने नाम किए, जिनमें 27 स्वर्ण, 16 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। बालक टीम ने 24 पदक, जबकि बालिका टीम ने भी 24 पदक जीते। इसके साथ ही कॉलेज के 12 विद्यार्थियों, जिनमें 6 बालक और 6 बालिकाएं शामिल हैं, ने 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
ओवरऑल बालक चैंपियनशिप में राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने 54 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर 22 अंकों के साथ दूसरे और द हैदराबाद पब्लिक स्कूल, बेगमपेट 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, ओवरऑल बालिका चैंपियनशिप में राजकुमार कॉलेज ने 41 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार 22 अंकों के साथ दूसरे तथा राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, जोधपुर 17 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। आयु वर्ग के परिणामों में भी राजकुमार कॉलेज ने अपना दबदबा कायम रखा। U-14 बालक वर्ग में कॉलेज ने 25 अंक और बालिका वर्ग में 23 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसी तरह U-19 बालक वर्ग में 29 अंक तथा बालिका वर्ग में 18 अंक अर्जित कर कॉलेज ने दोनों वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किया।
समापन अवसर पर राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि राजा त्रिबिक्रम चंद्र देब, बरम्बा ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बालक और बालिका दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतना गर्व की बात है। यह उपलब्धि निशानेबाजों और प्रशिक्षकों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है। कॉलेज के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने सभी पदक विजेताओं तथा नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चयनित 12 विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही ऑनरेरी कैप्टन बी. करुणाकरण, विशिष्ट सेवा मेडल, खेल विभाग के विभागाध्यक्ष तथा उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

