
लू का रेड अलर्ट, बढ़ेगा पारा, तीन दिन आसमान से बरसेगी आग
लू का रेड अलर्ट, बढ़ेगा पारा, तीन दिन आसमान से बरसेगी आग
राजधानी में आसमान से आग बरस रही है। रविवार को सूरज की तपिश और भीषण लू के थपेड़ों से लोग बेहाल नजर आए। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 9 साल बाद 26 मई के दिन पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। यही नहीं, यह इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान है। इससे पहले 2015 में इस दिन अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दिल्ली में लू का रेड अलर्ट
दिल्ली शहरी केंद्रों में मुंगेशपुर व नजफगढ़ इलाके में 48 डिग्री सेल्सियस के पार पारा पहुंचा। मौसम विभाग ने सोमवार से बुधवार तक के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस जाने का अनुमान है। इससे चिलचिलाती भीषण गर्मी पड़ेगी। हालांकि, 31 मई को बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है।
बाजारों में दिख रहा गर्मी का असर
हर दिन गर्मी का सितम बढ़ रहा है। झुलसा देने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं। रविवार को सुबह से चिलचिलाती गर्मी देखने को मिली। गर्मी से बचने के लिए लोग सुबह से ही अपने घरों में कैद रहे। इससे स्थानीय इलाकों से लेकर मुख्य सड़कें वीरान दिखीं। पर्यटन स्थल व बाजारों में भी लोगों की संख्या बहुत ही कम रही। दोपहर से पहले ही गर्मी से लोगों के पसीने छूटने लगे। जो लोग बाहर थे, वह छाया की तलाश में दिखे।
