
साईं जलकुमार मसन्द ने कहा :- सनातन धर्म और राष्ट्रहित में सिंधी समाज की भूमिका सशक्त बनाने बनेगी कार्ययोजना
जतिन रचरानी
22 फरवरी को सिंधु पैलेस में होगी विशाल सभा, 12 सिंधी विभूतियों का सम्मान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रायपुर। मसन्द सेवाश्रम द्वारा सनातन धर्म, राष्ट्रहित एवं जनकल्याण के क्षेत्र में सिंधी समाज की भूमिका को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से 22 फरवरी 2026 को शाम 5 बजे शंकरनगर स्थित सिंधु पैलेस में रायपुर की सभी सिंधी पंचायतों एवं समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों की विशाल सभा आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर नगर, प्रदेश एवं राष्ट्रहित में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 12 सिंधी विभूतियों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामू रोहरा, महापौर, धमतरी उपस्थित रहेंगे।
मसन्द सेवाश्रम के पीठाधीश साईं जलकुमार मसन्द ने बताया कि सिंधी समाज की गौरवशाली परंपरा सदैव से सनातन धर्म, राष्ट्र और मानव कल्याण के लिए समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने गौरवशाली इतिहास के अनुरूप पुनः प्रेरित करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी तथा समाज को देश के प्रमुख धार्मिक आचार्यों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वे अंतरराष्ट्रीय हिंदू संगठन परम धर्म संसद 1008 में संगठन मंत्री के रूप में भी कार्यरत हैं और पिछले 13 वर्षों से सनातन वैदिक सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार एवं भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने के अभियान से जुड़े हुए हैं।
कार्यक्रम की स्वागत समिति के अध्यक्ष महेश दरयाणी, सह-अध्यक्ष अमरलाल गिदवाणी एवं संयोजक भरत बजाज ने सिंधी समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिला कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार, इस सभा के माध्यम से समाज के दायित्वों, सांस्कृतिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित में सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
