छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में स्काउट्स एवं गाइड्स का सेमिनार और सम्मान समारोह, 42 पदाधिकारी व सदस्य हुए सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को बढ़ावा देने और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य अध्यक्ष गजेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित हुआ। समारोह में स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 42 पदाधिकारियों एवं सदस्यों को विभिन्न अलंकरणों से सम्मानित किया गया।

PM स्वनिधि योजना में मध्य प्रदेश ने रचा इतिहास, देशभर में बना नंबर-1 राज्य; इंदौर भी टॉप पर

युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर

कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, नई दिल्ली के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन विद्यार्थियों और युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्काउटिंग के माध्यम से बच्चों और युवाओं को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के साथ समाज सेवा के लिए भी प्रेरित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और सामाजिक सेवा से जुड़ा सशक्त आंदोलन है। प्रदेश के स्कूलों में इसकी गतिविधियों का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इससे जोड़ने की जरूरत है।

सेमिनार के दौरान स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार, संगठनात्मक मजबूती, प्रशिक्षण व्यवस्था में सुधार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही पदाधिकारियों और सदस्यों को संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

42 पदाधिकारियों और सदस्यों को मिला सम्मान

सम्मान समारोह में स्काउटिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुल 42 पदाधिकारियों एवं सदस्यों को विभिन्न अलंकरण प्रदान किए गए। इनमें एक अधिकारी को एलटी (लीडर ट्रेनर), पांच अधिकारियों को एएलटी 2025 और दो अधिकारियों को एएलटी 2026 सम्मान दिया गया। वहीं, तीन सदस्यों को एचडब्ल्यूबी सम्मान से नवाजा गया।

इसके अलावा 28 सदस्यों को दीर्घकालीन सेवा अलंकरण और तीन अधिकारियों को थैंक बैज प्रदान किया गया। सम्मानित सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

मुख्यमंत्री का आज रहेगा व्यस्त दौरा, रायपुर में उद्योग संवाद तो बलौदाबाजार में करेंगे विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य मुख्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के निदेशक अमर बी. छेत्री, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा और मध्यप्रदेश के राज्य आयुक्त स्काउट्स एवं गाइड्स अशोक अरगल ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, संगठन के पदाधिकारी, प्रदेशभर से पहुंचे स्काउटर-गाइडर, रोवर-रेंजर और स्काउटिंग से जुड़े सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper