
लोकसभा में ‘हरदीप पुरी इस्तीफा दो’ के नारे, बजट सत्र का पहला चरण 9 मार्च तक स्थगित
दिल्ली। संसद के बजट सत्र के 13वें दिन लोकसभा और राज्यसभा में हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित रही। लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार को सुबह 11 बजे शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। करीब पांच मिनट बाद ही सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दोपहर 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन हंगामे के बीच ही शिक्षा और कानून मंत्रालय से जुड़े कुछ विधेयक पेश किए गए। इसके बाद चेयर पर मौजूद संध्या राय ने लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी। राज्यसभा की कार्यवाही करीब दो घंटे चली। अब बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा।
इधर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सत्ता पाने के लिए देश के बंटवारे की राजनीति कर रहे थे। दुबे ने लोकसभा में उनके खिलाफ सब्सटेंटिव मोशन लाने की बात कही और उनकी सदस्यता खत्म करने तक की मांग की।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी के बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी किसानों और राष्ट्रीय हितों के मुद्दे उठाते रहेंगे और चुप नहीं बैठेंगे।
संसद परिसर में भी विपक्षी दलों का प्रदर्शन जारी रहा। RJD सांसदों ने प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की, साथ ही आरक्षण को 65% तक बढ़ाने और उसे संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग उठाई।

