
Big News : एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान में तकनीकी खराबी, कोलकाता में रोकने का फैसला
यात्रियों को अन्य विकल्पों से भेजा जाएगा मुंबई
कोलकाता। एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान (एआई-180) को गंभीर तकनीकी खराबी की वजह से आज तड़के कोलकाता हवाई अड्डे पर ही रोकना पड़ा। यह फ्लाइट सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही थी। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया है। यह विमान पूर्व निर्धारित तकनीकी पड़ाव पर कोलकाता पहुंचा और उसने रात 12:45 बजे लैंड किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कोलकाता में विमान के बाएं इंजन में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इंजन में असामान्य कंपन और तापमान में वृद्धि है। इस वजह से पायलट ने विमान को मुंबई ले जाने का जोखिम न उठाते हुए उसे कोलकाता में ही रोकने का निर्णय लिया। कैप्टन ने सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर आधिकारिक घोषणा की। घोषणा में कहा गया कि यात्रियों को सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल विमान से बाहर निकलना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पूरी तरह यात्रा की सुरक्षा प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इसके तुरंत बाद सभी यात्रियों को कोलकाता हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन में स्थानांतरित कर सुरक्षित सुविधा प्रदान की गई। एअर इंडिया भोजन, विश्राम और आगे की यात्रा संबंधी जानकारी यात्रियों को उपलब्ध करा रहा है। एअर इंडिया की तकनीकी और अभियंता टीम ने कोलकाता हवाई अड्डे पर विमान के खराब इंजन की जांच शुरू कर दी है। हवाई अड्डे पर सुरक्षा घेरे में खड़े विमान का निरीक्षण किया जा रहा है। ग्राउंड स्टाफ और अभियंता विस्तृत समीक्षा कर रहे हैं।
एअर इंडिया प्रशासन यात्रियों को उनके गंतव्य यानी मुंबई तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों अथवा विमान परिवर्तन की व्यवस्था कर रहा है। यात्रियों को सूचना मोबाइल संदेश और काउंटर घोषणाओं के माध्यम से दी जा रही है।

