
मध्य प्रदेश में 36 डिग्री के पार पहुंचा पारा
भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं का असर कम होते ही गर्मी बढ़ने लगी है। प्रदेश में दिन का तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया है। इंदौर, उज्जैन और जबलपुर संभाग में गर्मी बढ़ गई है। 15 मार्च के बाद सूरज के तेवर और तीखे होने लगेंगे। आज रविवार को राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के अन्य शहरों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। 10 मार्च को भी दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। फिलहाल, बारिश होने के आसार नहीं है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पिछले चार दिन प्रदेश में उत्तरी हवा चलने से कड़ाके की ठंड पड़ी। इससे भोपाल समेत कई शहरों में पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। कई शहर में शीतलहर चली, रात का तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया। राजगढ़, शाजापुर, उमरिया, मंडला, नौगांव और मलाजखंड जैसे छोटे शहर सबसे ठंडे रहे। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में रविवार से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। ऐसा होने पर दो दिन बाद प्रदेश में भी असर देखने को मिल सकता है।
शनिवार की रात की बात करें तो प्रदेश के अधिकांश शहरों में पारे में बढ़ोतरी हुई। भोपाल में 5.9 डिग्री की बढ़ोतरी के बाद तापमान 16.4 डिग्री पहुंच गया। बैतूल, धार, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, खरगोन, पचमढ़ी, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, नौगांव, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, सीधी, टीकमगढ़, उमरिया और मलाजखंड में भी पारा बढ़ गया। शनिवार को दिन के तापमान भी बढ़ गया। नर्मदापुरम में 36.9 डिग्री, रतलाम में 36.2 डिग्री, धार, सिवनी-मंडला में पारा 35 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 32.8 डिग्री, इंदौर में 33.8 डिग्री, ग्वालियर में 32.5 डिग्री, उज्जैन में 34.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 33.2 डिग्री रहा।

