देवपुरी गोदड़ीवाला धाम में 8, 9 और 10 दिसंबर को मनेगा सतगुरु बाबा गेलाराम साहेब का 18वां वरसी महोत्सव
तैयारियों को लेकर कार्यकारिणी की बैठक में बनी रूपरेखा, देशभर से संत-महात्मा और श्रद्धालु होंगे शामिल

रायपुर। देवपुरी स्थित पूज्य गोदड़ीवाला धाम में सतगुरु संत बाबा गेलाराम साहेब का 18वां वरसी महोत्सव आगामी 8, 9 और 10 दिसंबर को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। संत बाबा हरदास राम साहेब के आशीर्वाद तथा देवपुरी धाम की महंत अम्मा मीरा देवी और जलगांव धाम के महंत साई देवीदास जी के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न व्यवस्थाओं और सेवा कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
MP Government Jobs: मध्य प्रदेश में 1.24 लाख नए पदों को मंजूरी, युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा मौका
बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव में देशभर से संत-महात्माओं, भजन मंडलियों और बाबा के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन के दौरान सत्संग, भजन-कीर्तन, अरदास, पल्लव साहेब सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही जलगांव साहेब से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सत्कार की विशेष व्यवस्था की जाएगी। महोत्सव में *‘बाबा प्यारो जलगांव वारो’* कार्यक्रम तथा नारी शक्ति पर केंद्रित विशेष आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यकारिणी ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में श्रद्धालुओं के ठहरने, भंडारा साहेब, पंडाल, मंच, परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। आयोजन से जुड़ी 30 से अधिक प्रकार की सेवा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए महंत जी द्वारा सेवादारों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजन समिति का उद्देश्य धार्मिक कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के साथ ही देशभर से आने वाली संगत को श्रद्धा और सेवा से परिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।
बैठक के अवसर पर शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर धाम में धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। दोपहर 12:30 बजे भगवान सत्यनारायण की कथा एवं आरती के साथ बाबा जी की पावन महिमा का गुणगान किया गया। इसके पश्चात सत्संग, भजन-कीर्तन, अरदास और पल्लव साहेब का कार्यक्रम दोपहर 3 बजे तक चला। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित संगत ने भंडारा प्रसादी ग्रहण की।
इसी क्रम में पूज्य गोदड़ीवाले बाबा के जलगांव साहेब स्थित धाम में आयोजित वरसी महोत्सव को लेकर भी छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं में उत्साह है। जलगांव साहेब में 29, 30 और 31 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित होने वाले वरसी महोत्सव में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से लगभग 500 श्रद्धालुओं का जत्था 28 और 29 अक्टूबर को रवाना होगा। इस महोत्सव में देशभर से बाबा के भक्त और श्रद्धालु पहुंचकर अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।
गोदड़ीवाले बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और समर्पण दोनों आयोजनों को विशेष बनाते हैं। देवपुरी धाम और जलगांव साहेब में होने वाले इन धार्मिक आयोजनों के माध्यम से संगत को सत्संग, सेवा, भक्ति और आध्यात्मिक एकता का संदेश मिलेगा।
छत्तीसगढ़ PWD में बड़ा फेरबदल: 91 सब इंजीनियरों का हुआ तबादला, देखें पूरी लिस्ट
कार्यकारिणी की बैठक में इंदर सचदेव, हरी इसरानी, अमर गिदवानी, सतीश थोरानी, पवन प्रीतवानी, लाल खुबचंदानी, सुशील केसवानी, इंदर थोरानी, घनश्याम माखीजा, महेश हरजानी, ईश्वर कोड़वानी, दिलीप इसरानी, सुनील काशवानी, कमल खुबचंदानी, मेहर माखीजा, रॉकी काशवानी, गननु काशवानी, निक्की जोधवानी, शिवा खुबचंदानी सहित अनेक सेवादारी उपस्थित रहे।

