
आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, 11 IAS और 4 SAS अधिकारियों के तबादले—दीपक सक्सेना बने आबकारी आयुक्त
सामान्य प्रशासन विभाग का आदेश जारी, कई विभागों में बड़े प्रशासनिक बदलाव
भोपाल। IAS Transfer: मध्य प्रदेश शासन ने शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 आईएएस और 4 एसएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 13 फरवरी 2026 को जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जारी आदेश के मुताबिक, वर्ष 2010 बैच के अधिकारी दीपक कुमार सक्सेना को आबकारी आयुक्त, मध्यप्रदेश (ग्वालियर) पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले आयुक्त, जनसंपर्क मध्यप्रदेश, भोपाल तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश माध्यम (अतिरिक्त प्रभार) के रूप में कार्यरत थे।
इसी तरह वर्ष 1991 बैच के अशोक वर्णवाल को अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग और कृषि उत्पादन आयुक्त सहित पर्यावरण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं संदीप यादव (2000 बैच) को प्रमुख सचिव, वन विभाग तथा प्रवासी भारतीय विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
अजय गुप्ता (2009) को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, जबलपुर बनाया गया है। मनीष सिंह (2009) को सचिव, परिवहन विभाग के साथ मध्यप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और इंटर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी सहित अन्य संस्थाओं का प्रभार दिया गया है।
एसएएस अधिकारियों में भी बदलाव किया गया है। श्रीमती संध्या गौतम को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अलीराजपुर, श्रीमती नंदा भलावे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में अपर परियोजना संचालक, जबकि कमल साकंकी को जिला पंचायत रायसेन का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है।
सरकार के इस अचानक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। देर रात जारी आदेश के बाद प्रदेश के प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।


