अपराध
Trending

पुलिस के हत्थे चढ़े दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर

शिमला । मादक पदार्थों के तस्करी को रोकने के खिलाफ चल रहे अभियान में शिमला जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस के विशेष दस्ते ने रोहड़ू उपमण्डल में दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में चरस पकड़ी गई है। दोनों तस्करों को चिडग़ांव थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया है।

बुधवार की शाम विशेष दल गोसांगो पुल के पास जिजेंडी केंची में गश्त पर था, तभी संदिग्ध अवस्था में पाए जाने पर दो युवकों की तलाशी ली गई। इनके पास 5.530 किलोग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान सोहन दास (57) और राजमोहन (34) के रूप में हुई है।

एसपी शिमला संजीव गांधी ने गुरूवार को बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी चिडग़ांव में हुई है। उक्त आरोपी उतराखण्ड के उत्तरकाशी जिला के रहने वाले हैं और अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का हिस्सा हैं। इनके ख़िलाफ़ चिडग़ांव थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इनके बारे में जांच करने में जुटी है।

रोहड़ू में शाही महात्मा ड्रग गैंग का पर्दाफाश कर चुकी है पुलिस

अप्पर शिमला में बढ़ते ड्रग तस्करी के कारोबार को रोकने के लिए पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। हाल ही में पुलिस ने शाही महात्मा की अंतरराज्यीय ड्रग गैंग का पर्दाफाश किया है। इस गैंग को रोहड़ू निवासी शाही महात्मा उर्फ शशि नेगी चलता था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर चुकी है। गैंग के लगभग दो दर्जन तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्त में ले लिया है। शशि नेगी पेशे से बागवान है और इसकी आढ़ में चिट्टा तस्करी को अंजाम दे रहा है। पिछले कई सालों से उसने चिट्टा तस्करी का साम्राज्य खड़ा कर लिया था। जांच में खुलासा हुआ है कि उसकी गैंग वाट्सअप के जरिये रोहड़ू, जुब्बल और आसपास के इलाकों में चिट्टे की सप्लाई करती थी। इसके अलावा शिमला पुलिस ने अप्पर शिमला के कोटखाई में ड्रग तस्करी की रंजन गैंग का भी भंडाफोड़ किया है। दो दिन पहले इस गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें दो सगी बहनें शामिल हैं।

 

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper