Varanasi Air Show: PM मोदी का 7 KM लंबा रोड शो, फिर आसमान में दिखेगा 100 विमानों का दम, शहर में हाई अलर्ट

Varanasi Air Show: उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में रविवार, 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आखिरी दिन है। इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:50 बजे होगी। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1 बजे नमो घाट पहुंचेंगे। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी का वाराणसी दौरा करीब छह घंटे का होगा, जिसके बाद वह भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे।
राफेल, सुखोई और तेजस समेत 100 विमान दिखाएंगे हवाई करतब
‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में भारतीय वायुसेना के कुल 100 विमान हिस्सा लेंगे। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और विंटेज विमान शामिल हैं। राफेल, सुखोई-30, तेजस, जगुआर, मिराज-2000 और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमान आसमान में अपनी ताकत और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
एयर शो के दौरान विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भरने के साथ अचानक दिशा बदलने और गोल चक्कर लगाने जैसे रोमांचक करतब दिखाएंगे। वहीं, तीन एमआई-17 वी-5 हेलिकॉप्टर ‘V’ आकार में उड़ान भरते हुए तिरंगा और भारतीय वायुसेना का ध्वज लेकर निकलेंगे। सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम और सूर्य किरण एरोबेटिक टीम का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पीएम मोदी करेंगे 7 किलोमीटर लंबा रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह मिर्जामुराद के पास खोचवां गांव में अरविंद लिमिटेड की नई टेक्सटाइल यूनिट का उद्घाटन करेंगे। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस इकाई से करीब 1,000 महिलाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। यहां स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन किया जाएगा।
इसके बाद प्रधानमंत्री पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। रोड शो के मार्ग पर समर्थक फूल बरसाकर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी एयर शो में शामिल होंगे।
सुरक्षा के लिए 11,900 पुलिसकर्मी तैनात
एयर शो और प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, सुरक्षा की जिम्मेदारी करीब 11,900 पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। इसके अलावा 79 अस्थायी पुलिस थाने बनाए गए हैं।
गंगा घाटों पर डबल बैरिकेडिंग की गई है और निगरानी के लिए 25 वॉच टावर लगाए गए हैं। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम सक्रिय रहेगा। गंगा नदी में भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और बम निरोधक दस्तों को अलर्ट पर रखा गया है।
आम लोग 30 घाटों से देख सकेंगे एयर शो
एयर शो देखने के लिए आम लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। नमो घाट को वीआईपी मेहमानों के लिए आरक्षित रखा गया है, जबकि आम नागरिक काशी के 20 घाटों और गंगा के दूसरी ओर स्थित 10 घाटों से हवाई प्रदर्शन देख सकेंगे।
सुरक्षा कारणों से वाराणसी कमिश्नरेट क्षेत्र में 30 अक्टूबर तक ड्रोन, गुब्बारे, पतंग और पैराग्लाइडर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, विमानों को पक्षियों से होने वाले संभावित खतरे को रोकने के लिए नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में मांस की बिक्री और कटाई पर 26 अक्टूबर तक रोक लगाई गई है।
काशी में आयोजित यह एयर शो भारतीय वायुसेना की ताकत, तकनीकी क्षमता और हवाई कौशल को प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर है। प्रधानमंत्री के रोड शो और विमानों के रोमांचक करतबों को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

