वी लव यू फाउंडेशन ने रायपुर में चलाया विश्व पर्यावरण सफाई अभियान, 470 किलोग्राम कचरा किया एकत्रित

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय सामाजिक कल्याण संगठन वी लव यू फाउंडेशन द्वारा रविवार 29 नवंबर को रायपुर के अमलीडीह रोड पर ‘विश्व पर्यावरण सफाई अभियान’ चलाया गया। सुबह 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित इस अभियान में लगभग 162 स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में सफाई कर लगभग 470 किलोग्राम कचरा एकत्रित किया गया। इसमें प्लास्टिक के डिस्पोजेबल कप, बोतलें, थैलियां, सिगरेट के टुकड़े और रद्दी कागज सहित विभिन्न प्रकार का घरेलू कचरा शामिल था। सफाई अभियान के दौरान कुल 61 बोरे कचरा एकत्र किया गया।

फाउंडेशन के एक पदाधिकारी ने बताया कि ‘अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक वर्ष 2026’ के अवसर पर इस अभियान का उद्देश्य स्वयंसेवा के महत्व और नागरिक सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही स्वैच्छिक प्रयासों के माध्यम से स्वच्छ एवं सतत स्थानीय समुदाय के निर्माण में योगदान देना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

**वर्ष 2009 से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय है फाउंडेशन**
वी लव यू फाउंडेशन वर्ष 2009 से भारत में लगातार पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा इससे पहले छत्तीसगढ़ में रायपुर रेलवे स्टेशन और कटोरा तालाब क्षेत्र सहित देश के विभिन्न राज्यों में विश्व पर्यावरण सफाई अभियान आयोजित किए जा चुके हैं। तमिलनाडु, महाराष्ट्र और मेघालय में भी संस्था ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी के साथ अभियान चलाए हैं। संस्था को कर्नाटक के गृह मंत्री, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा तिरुवनंतपुरम के महापौर सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों से प्रशंसा एवं धन्यवाद प्रमाण पत्र प्राप्त हुए हैं।
**वैश्विक स्तर पर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान**
अंतरराष्ट्रीय वी लव यू फाउंडेशन लगभग तीन दशकों से आपातकालीन राहत, संकटग्रस्त परिवारों की सहायता, सामुदायिक देखभाल, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक नागरिक शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय है। संस्था अब तक 11 हजार 100 से अधिक सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों में भागीदारी कर चुकी है। इन कार्यों के लिए विभिन्न देशों की सरकारों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा संस्था को 1,100 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इनमें अमेरिका के राष्ट्रपति का स्वयंसेवा स्वर्ण पुरस्कार, कोरिया गणराज्य का ऑर्डर ऑफ मेरिट, कंबोडिया के राजा का ऑर्डर ऑफ मेरिट और इक्वाडोर की संसद का ऑर्डर ऑफ मेरिट प्रमुख हैं।
फाउंडेशन का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश देता है।

