उत्तरप्रदेश

‘रील के लाइक्स नहीं, रियल लाइफ सुधारें युवा’, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की किताब के विमोचन पर CM योगी की नसीहत

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की उपस्थिति में उनकी आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा: मेरा जीवन, मेरा संघर्ष’ के हिंदी संस्करण का विमोचन किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने युवाओं को सोशल मीडिया पर लाइक्स पाने की होड़ से दूर रहकर अपने वास्तविक जीवन को बेहतर बनाने और संघर्षों का डटकर सामना करने की नसीहत दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनकी आत्मकथा के हिंदी संस्करण के विमोचन पर बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश उनकी जन्मभूमि होने के साथ-साथ कर्मसाधना की भूमि भी है। उन्होंने कहा कि इस आत्मकथा का मूल अंग्रेजी संस्करण ‘Triumph of the Indian Republic: My Life, My Struggles’ पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विमोचित किया जा चुका है। अब इसके हिंदी रूपांतरण का विमोचन किया गया है।

नवरात्रि में 100 किलो सोने से सजा मां दुर्गा का दरबार, बंगाल के भव्य पंडाल का VIDEO हुआ वायरल

संघर्ष करने का जज्बा ही बनाता है इंसान को बड़ा

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि बड़ा वही होता है, जिसमें संघर्ष करने का जज्बा हो और जो अनुकूल तथा प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता रखता हो। परिस्थितियां अनुकूल हों, तो उनका उपयोग लोककल्याण और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए करना चाहिए। वहीं, विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष से पीछे हटने के बजाय उनका मजबूती से मुकाबला करना चाहिए।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की जीवन यात्रा को प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें आत्मकथा के विमोचन के अवसर पर शुभकामनाएं दीं।

गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी से पढ़ाई को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही है। प्रदेश में बनाए गए 57,600 ग्राम सचिवालयों में पुस्तकालय के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की गई है, जहां ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी पुस्तकें व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण मार्गदर्शक की भूमिका निभाती हैं। किताबें न केवल ज्ञान बढ़ाती हैं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने और बेहतर निर्णय लेने में भी मदद करती हैं।

रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबला, जानिए मैच का समय और टिकट बुकिंग की पूरी जानकारी

सोशल मीडिया के लाइक्स से ज्यादा जरूरी वास्तविक जीवन

युवाओं को संदेश देते हुए सीएम योगी ने कहा कि सोशल मीडिया पर रील बनाकर लाइक्स पाने के बजाय उन्हें अपनी रियल लाइफ बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। जीवन में वास्तविक उपलब्धियां हासिल करने, ज्ञान बढ़ाने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं का यह दृष्टिकोण उनके जीवन को अधिक उपयोगी, सार्थक और सफल बनाने में मददगार साबित होगा।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper