देश-विदेश
Trending

समुद्र में मछली पकड़ने गए 49 मछुआरे लापता,  तलाश जारी

कोलकाता । पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर के सुल्तानपुर मछली बंदरगाह से समुद्र में मछली पकड़ने गए 49 मछुआरे तीन ट्रॉलरों के साथ लापता हो गए हैं। प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर द्वारा सोमवार सुबह से ही इन मछुआरों की तलाश की जा रही है लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। मछुआरों के परिवार वाले चिंतित होकर प्रशासन से जल्द से जल्द जानकारी देने की मांग कर रहे हैं।

मछुआरों के परिजनों के अनुसार पिछले मंगलवार को सुल्तानपुर मछली बंदरगाह से एक दल गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए निकला था और उन्हें रविवार तक लौटना था। बाकी मछुआरे लौट आए लेकिन इन तीन ट्रॉलरों में सवार 49 मछुआरों का कोई पता नहीं चल पाया। पहले नाव और ट्रॉलरों से तलाशी अभियान शुरू किया गया था लेकिन सोमवार को प्रशासन ने हवाई मार्ग से तलाशी के लिए हेलीकॉप्टर भेजा।

मछुआरों के मुताबिक ‘मा रिया’ और ‘श्री हरी’ नाम के दो ट्रॉलरों सहित कुल तीन ट्रॉलरों के इंजन खराब हो गए थे, जिससे ट्रॉलरों के प्रोपेलर भी काम करना बंद कर दिए। अन्य मछुआरों ने इन ट्रॉलरों को खींचकर वापस लाने की कोशिश की लेकिन तेज समुद्री धाराओं के कारण वे सफल नहीं हो सके।

प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि खराब मौसम के कारण मछुआरे गहरे समुद्र से किनारे की ओर लौट रहे थे लेकिन इस दौरान कई ट्रॉलरों की वायरलेस मशीन खराब हो गई, जिससे संपर्क करना मुश्किल हो गया। इस मामले की सूचना तटरक्षक बल को दी गई है।

मछुआरों के परिजन गहरी चिंता में हैं, क्योंकि उन्हें अब तक अपने प्रियजनों की कोई जानकारी नहीं मिली है। सोमवार सुबह से ही कई परिवार सुल्तानपुर मछली बंदरगाह पर एकत्रित हैं और वे प्रशासन से सही जानकारी देने की गुहार लगा रहे हैं। कई परिवारों ने कहा कि उनके पति और भाई उन ट्रॉलरों में सवार थे और अब उनकी स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

 

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper