
सालभर के लिए बना रहे हैं आम का अचार, तो इन बातों का रखें ध्यान …
Lifestyle Desk – गर्मी का मौसम आते ही घरों में आम के अचार की खुशबू फैलने लगती है और अभी तो बाजार में बहुत बढ़िया अचार के लिए कच्चे आम आ रहे हैं. भारतीय रसोई में आम का अचार सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाला व्यंजन नहीं, बल्कि परंपरा और सेहत का भी हिस्सा है. अचार होने से सिंपल से खाने का स्वाद भी कई गुना बढ़ जाता है. लेकिन अक्सर देखा जाता है कि थोड़ी सी लापरवाही के कारण अचार जल्दी खराब हो जाता है और हमारी मेहनत पूरी खराब हो जाती है. ऐसे में जरूरी है कि अचार बनाते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखा जाए, ताकि वह सालभर सुरक्षित और स्वादिष्ट बना रहे. आइए जानते हैं अचार बनाते समय किन-किन जरूरी बातों का ख्याल रखा जाना जरूरी है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सही आम का चुनाव करें
सबसे पहली और महत्वपूर्ण बात है आम का सही चुनाव किया जाना. अचार के लिए हमेशा कच्चे, सख्त और बिना दाग-धब्बों वाले आम का ही चयन करना चाहिए. नरम या पके हुए आम अचार को जल्दी खराब कर सकते हैं. आम काटने से पहले उन्हें अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लेना जरूरी है, क्योंकि नमी अचार खराब होने की सबसे बड़ी वजह होती है.
हमेशा साफ बर्तन में रखें
अचार बनाने में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना बहुत जरूरी है. जिस भी बर्तन में अचार बना रहे हैं, वह पूरी तरह से सूखा और साफ होना चाहिए. स्टील या कांच के बर्तन सबसे बेहतर माने जाते हैं. प्लास्टिक के बर्तनों से बचना चाहिए, क्योंकि वे लंबे समय में अचार की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकते हैं.
अच्छे मसाले का इस्तेमाल करें
अचार के किए उपयोग किए जाने वाले मसालों की गुणवत्ता भी अच्छी होनी बहुत जरूरी है, क्योंकि ये भी अचार की उम्र तय करती है. हमेशा ताजे और अच्छे मसालों का ही इस्तेमाल करें.
नमक और तेल की मात्रा हो सही
अचार में नमक और तेल की मात्रा सही होना बेहद जरूरी है, क्योंकि ये दोनों प्राकृतिक प्रिजर्वेटिव का काम करते हैं. नमक कम होने पर अचार में फंगस लग सकती है, जबकि पर्याप्त तेल अचार को हवा और नमी से बचाता है. धूप में रखना भी एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है.
धूप जरूर दिखायें
अचार को कुछ दिनों तक रोजाना धूप दिखाना भी बहुत जरूरी है, जिससे उसमें मौजूद नमी पूरी तरह खत्म हो जाए और मसाले अच्छे से आम में मिल जाएं. हालांकि, ध्यान रखें कि अचार को ढककर ही धूप में रखें ताकि धूल या गंदगी उसमें न जाए.
अचार को काँच के बर्तन में ही करें स्टोर
अचार को स्टोर करने के लिए कांच की बोतल या जार सबसे अच्छा होता है. जार को इस्तेमाल से पहले धोकर पूरी तरह सुखा लें. अचार निकालते समय हमेशा सूखा और साफ चम्मच ही इस्तेमाल करें. गीला चम्मच डालने से अचार में नमी पहुंचती है और वह जल्दी खराब हो सकता है.
साहू जगह में करें स्टोर
अचार को ठंडी और सूखी जगह पर ही रखें. बार-बार हाथ डालने से बचें और जरूरत के अनुसार ही अचार निकालें. यदि अचार के ऊपर तेल की परत कम लगे, तो थोड़ा गर्म करके ठंडा किया हुआ तेल ऊपर से डाल सकते हैं.

