
छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, पांच दिन आंधी-तूफान का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, पांच दिन आंधी-तूफान का अलर्ट
रायपुर, । मानसून ने छत्तीसगढ़ में अपनी आमद दर्ज करा दी है। दंतेवाड़ा, बीजापुर और राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई है, जिससे तापमान में काफी गिरावट आई है। मंगलवार सुबह से ही रायपुर का मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मानसून ने राज्य के दंतेवाड़ा क्षेत्र से प्रवेश किया है। इसके बाद राजधानी रायपुर, रायगढ़ समेत कई जिलों में सोमवार और मंगलवार को झमाझम बारिश हुई है। जून महीने में अब तक राज्य में सामान्य से करीब 69 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिसकी भरपाई इस मानसूनी तंत्र के आगे बढ़ने से होने की उम्मीद है
मौसम विभाग के अनुसार हवा के कम दबाव का एक लंबा क्षेत्र, जिसे मौसमी भाषा में द्रोणिका कहते हैं, वह राजस्थान से उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक बना हुआ है। इसके अलावा एक और ऐसा ही सिस्टम तेलंगाना से लेकर तमिलनाडु तक सक्रिय है। हवा के इन्हीं दो बड़े सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ के मौसम में यह सुखद बदलाव आया है और मानसून आगे बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक तेज आंधी और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) में मानसून के सक्रिय होने से भारी बारिश की संभावना ज्यादा है, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में भी हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बौछारें पड़ेंगी। प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ (तेज हवाएं) चलने की चेतावनी दी गई है । रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी, रायगढ़, जांजगीर, बलरामपुर, अंबिकापुर और जशपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है । लोगों को खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। हालांकि, अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रह सकता है। सोमवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जगदलपुर 22.7 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है। यहां दिन का तापमान 36 और रात का तापमान 23 डिग्री के आसपास रह सकता है। पिछले कुछ घंटों में सबसे ज्यादा बारिश प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में हुई है। बस्तर जिले के जगदलपुर में 5 सेंटीमीटर और दंतेवाड़ा के कुआकोंडा में 3 सेंटीमीटर पानी गिरा है। बलरामपुर, गीदम और कटेकल्याण में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

