कैच द रेन अभियान में छत्तीसगढ़ नंबर-1, दिल्ली से लौटे CM साय ने बताई प्रदेश की बड़ी उपलब्धि

रायपुर : दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जल संरक्षण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को साझा किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान वे जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित जल सुरक्षा शिखर सम्मेलन में शामिल हुए, जहां छत्तीसगढ़ के ‘कैच द रेन’ और ‘जल संचय जनभागीदारी’ मॉडल को प्रस्तुत करने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के जल संरक्षण मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य में जल संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों को देशभर में पहचान मिल रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नई दिल्ली में भाजपा शासित प्रदेशों के जल संसाधन मंत्रियों की कार्यशाला में सम्मिलित हुआ। इसमें भी माननीय प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन मिला और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात हुई। इस दौरान छत्तीसगढ़ में जल संचय और जल संरक्षण पर चर्चा हुई। सीएम साय ने बताया कि ‘कैच द रेन’ और ‘जल संचय जनभागीदारी’ अभियान में छत्तीसगढ़ ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। राज्य दोनों अभियानों के पहले और दूसरे चरण में देश में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं इस वर्ष अभियान के तीसरे चरण में छत्तीसगढ़ ने पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रदेशवासियों के सहयोग और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
छत्तीसगढ़ में लोगों की सहभागिता से जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल संकट की चुनौती को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में जल संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण अभियान चलाए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ भी इन अभियानों को प्रभावी तरीके से लागू कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बारिश के पानी को सहेजने, भूजल स्तर बढ़ाने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी से जल संरक्षण के कार्यों को गति मिली है।
मुख्यमंत्री साय की रायपुर वापसी, दिल्ली दौरे के बाद दोपहर में राजधानी पहुंचेंगे
सीएम साय ने कहा कि जल संरक्षण के क्षेत्र में मिली यह सफलता छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी राज्य जल सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार काम करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से छत्तीसगढ़ जल संरक्षण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने जल बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए लोगों से आगे आने की अपील भी की।

