छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्र सेवा और जनकल्याण को CM साय ने बताया प्रेरणादायक

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। लगभग 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष देश के विकास और परिवर्तन की प्रेरक यात्रा : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर वे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उनके नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता मिली है।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी प्रदेशवासियों को पूरी शक्ति और संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। एक महीने के इस अभियान को 13 अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

युवाओं के लिए प्रेरणा है प्रधानमंत्री मोदी का जीवन

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जानने का अवसर मिला। उनका जीवन विशेष रूप से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और सेवा भावना के बल पर देश का नेतृत्व करने तक की प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा युवाओं को यह संदेश देती है कि मजबूत संकल्प और जनसेवा का उद्देश्य हो तो बड़ी से बड़ी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।

नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली बड़ी सफलता

CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि दशकों तक हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर में अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। जिन इलाकों में विकास पहुंचना कठिन था, वहां सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं। बस्तर में शांति, विकास और जनविश्वास का नया दौर शुरू हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश के प्रभावी रूप से नक्सलवाद मुक्त होने की उपलब्धि रेखांकित की है। सरकार का लक्ष्य बस्तर के प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार तथा उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए CM साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी बढ़ी है।

छत्तीसगढ़ में रेल और बुनियादी ढांचे का विस्तार

CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। नई रेल परियोजनाओं और स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

6,691 जनजातीय गांवों में विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, संस्कृति का संरक्षण और उनके क्षेत्रों का विकास प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकताओं में शामिल है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और इन्हें प्रदेश की प्रगति के प्रमुख केंद्रों के रूप में आगे बढ़ाना है।

निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बन रहा छत्तीसगढ़

CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत के प्रति बढ़े विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। राज्य सरकार की नई औद्योगिक विकास नीति, पारदर्शी प्रशासन और निवेश-अनुकूल वातावरण के कारण छत्तीसगढ़ निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ को लेकर निवेशकों में उत्साह देखने को मिला। 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और छत्तीसगढ़ को उद्योग, तकनीक और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाना है।

CM योगी का बड़ा बयान: कभी यूपी में दिखता था अराजकता का तांडव, अब माफिया मिट्टी में मिल गए

सांसद और मंत्री ने भी PM मोदी के 25 साल के सफर को सराहा

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper