रिफॉर्म उत्सव की तैयारी तेज: पीएम मोदी की पहल पर सभी मंत्रालय जुटे, अगले सप्ताह मांगी जा सकती है प्रगति रिपोर्ट

नई दिल्ली : देश में सुधारों की रफ्तार तेज करने और शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के लिए केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर सभी मंत्रालय रिफॉर्म की दिशा में काम कर रहे हैं। इस पहल को ‘रिफॉर्म उत्सव’ नाम दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, अगले सप्ताह कैबिनेट सचिव सभी मंत्रालयों के सचिवों से सुधारों की प्रगति पर रिपोर्ट मांग सकते हैं।
दो अक्टूबर से तेज हुई सुधारों की प्रक्रिया
सूत्रों के अनुसार, रिफॉर्म उत्सव की तैयारी पिछले डेढ़ से दो महीने से चल रही है, लेकिन दो अक्टूबर से इस प्रक्रिया में तेजी आई है। सभी मंत्रालयों को ऐसे एक या दो प्रमुख मुद्दों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन पर तत्काल सुधार लागू किए जा सकते हैं। इसके तहत प्रक्रियात्मक और संस्थागत सुधारों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कई मंत्रालयों ने सुधार के लिए विषयों का चयन कर लिया है और उनसे जुड़े हितधारकों के साथ चर्चा भी पूरी कर ली है। अब इन प्रयासों की प्रगति और उनके संभावित परिणामों का आकलन किया जाएगा।
मंत्रालयों के प्रदर्शन का भी होगा आकलन
सूत्रों के मुताबिक, अगले सप्ताह कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में सभी मंत्रालयों के सचिवों की बैठक हो सकती है। इस बैठक में मंत्रालयों को अपने-अपने स्तर पर किए गए सुधारों की जानकारी देनी होगी। इन रिपोर्टों के आधार पर मंत्रालयों के प्रदर्शन का आकलन भी किए जाने की संभावना है।
सरकार का जोर ऐसे सुधारों पर है, जिनसे आम लोगों के जीवन को आसान बनाया जा सके और कारोबार करने की प्रक्रिया सरल हो। यानी ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने वाले कदमों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कानूनी मामलों में देरी दूर करने पर जोर
रिफॉर्म उत्सव के तहत उन मामलों पर भी ध्यान दिया जा रहा है, जहां कानूनी प्रक्रियाओं के कारण सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं में देरी होती है। ऐसे मंत्रालयों को अदालतों में लंबित मामलों से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा गया है।
उदाहरण के तौर पर, भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों को लंबे समय तक लंबित नहीं रहने देने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य कानूनी अड़चनों को कम करना और जरूरी परियोजनाओं को समय पर आगे बढ़ाना है।
योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर भी देनी होगी रिपोर्ट
सरकार ने मंत्रालयों से मौजूदा योजनाओं, उनकी वास्तविक प्रगति और आम जनता को मिल रहे प्रत्यक्ष लाभ की जानकारी जुटाने को भी कहा है। इसके साथ ही भविष्य में लागू किए जाने वाले सुधारों और प्रस्तावित कार्ययोजनाओं का विस्तृत ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिफॉर्म उत्सव के जरिए सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, संस्थागत व्यवस्था में सुधार करने और सरकारी कामकाज में जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। आने वाले सप्ताह में होने वाली संभावित समीक्षा बैठक में मंत्रालयों की तैयारियों और सुधारों की प्रगति पर महत्वपूर्ण चर्चा होने की उम्मीद है।

